Gurugram: न प्यार मिला, न नौकरी करने दी, गुरुग्राम के एक सिरफिरे प्रेमी ने आपसी झगड़े का बदला लेने के लिए अपनी ही गर्लफ्रेंड का भविष्य दांव पर लगा दिया। प्रेमिका का नई कंपनी में होने वाला इंटरव्यू रुकवाने के लिए युवक ने कंपनी को ही बम से उड़ाने की खौफनाक धमकी दे डाली। सुशांत लोक पुलिस और साइबर सेल ने डिजिटल जाल बिछाकर इस फर्जी आतंकी प्रेमी को बुधवार को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार को युवक को पता चला कि महिला गोल्फ कोर्स रोड पर सेक्टर 43 में होराइजन सेंटर में द कॉर्पोरेट एज में इंटरव्यू देने जा रही है। दूसरी कंपनी में उसका इंटरव्यू न हो और वह उससे दोबारा बात न कर पाए, इसके लिए उसने मंगलवार को कंपनी के ईमेल एड्रेस पर बम की नकली धमकी भेजी। आरोपी की पहचान 29 साल के अनिकेत पाल के तौर पर हुई है, जो मूल रूप से पश्चिम बंगाल के कोलकाता जिले के बल्लीगंज का रहने वाला है। पूछताछ में पता चला कि उसने लंदन से LLM किया है और अभी गुरुग्राम के DLF इलाके में किराए पर रहकर एक प्राइवेट कंपनी के लिए कानूनी मामले देखता है। आरोपी डेढ़ साल से गुरुग्राम की एक कंपनी में काम करने वाली महिला के साथ रिलेशनशिप में था। कुछ समय से दोनों में अनबन चल रही थी।
IP एड्रेस के जरिए आरोपी तक पहुंची पुलिस
ACP (DLF) विकास कौशिक के अनुसार, मंगलवार को कंपनी को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला, जिसके बाद कंपनी के प्रतिनिधि ने सुशांत लोक थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत केस दर्ज किया और मौके पर डॉग स्क्वाड, फायर ब्रिगेड और HDRF (Haryana Disaster Relief Force) की टीमों को बुलाकर गहन तलाशी अभियान चलाया। जांच के बाद यह धमकी फर्जी पाई गई और पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को दबोच लिया।
तलाश करने पर कोई बम नहीं मिला
पुलिस टीम को कोई बम नहीं मिला। इसके बाद, साइबर पुलिस को बुलाया गया। पुलिस ने ईमेल भेजने वाले के IP एड्रेस और दूसरी जानकारी की जांच की। आरोपी के बारे में जानकारी मिलने पर पुलिस ने उसे बुधवार को सेक्टर 31 से गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से एक मोबाइल फोन और लैपटॉप बरामद किया गया। आरोपी के क्रिमिनल रिकॉर्ड के बारे में जानकारी इकट्ठा की जा रही है।


