भिण्ड, गोहद, मौ, मिहोना. जिले के अन्नदाताओं पर शनिवार को आसमान से तबाही बरसी है। गोहद, मिहोना, रौन, मौ और अमायन क्षेत्र के 100 से अधिक गांवों में ओलावृष्टि से किसानों के खेतों में खड़ी फसल को नुकसान हुआ है। कई गांवों में 30 से 40 ग्राम के ओले गिरे हैं, जिससे खेतों में फसल बिछ गई है। देर शाम तक ओलावृष्टि के साथ तेज आंधी और बारिश हुई। आंधी में कई जगह बिजली के खंभे और पेड़ उखडकऱ गिर पडे हैं। मौ में सेंवढ़ा रोड पर आंधी-बारिश से एक पक्का मकान धरासाई हो गया।
ओलावृष्टि की सूचना लगते ही कलेक्टर किरोड़ी लाल मीना अधिकारियों के साथ प्रभावित इलाकों में पहुंचे। तहसीलदार और एसडीएम ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में नुकसान का जायजा लिया है। कलेक्टर ने फसलों का सर्वे करने के निर्देश दिए हैं। किसानों के अनुसार खेतों में ओलावृष्टि से 70 प्रतिशत तक नुकसान हुआ है। जबकि सरसों में 80 प्रतिशत तक नुकसान है। सबसे अधिक ओले गोहद और मौ क्षेत्र में गिरे हैं। गोहद के करीब 50 गांवों में ओलावृष्टि हुई। जबकि मौ में दो बार ओले गिरे। सबसे पहले मिहोना क्षेत्र में दोपहर 2.45 बजे ओलावृष्टि हुई।
कहां कितना नुकसान
मिहोना में दोपहर 2.45 से 3 बजे तक ओलावृष्टि हुई। कस्बे के मछरिया, मिहोना, ररी, चांदोख, इमलाह, बंथरी, खितौली, बिरखड़ी सहित आदि गांवों में बेर के आकार में ओले गिरे हैं। गोहद में शाम पांच बजे से 30 मिनट ओले गिरे। क्षेत्र के एंडोरी, खनेता, छीमका, शेरपुर, सर्वा, तुकेड़ा, झावलपुरा, सर्वा, छरेंटा, एनो, बाराहेट, बकनासा, खरौआ, खितौली, गढऱौली, बिरखड़ी, चंदारा, भगवासा, डांग सहित 50 गांव में ओलावृष्टि हुई है। आधे घंटे तक हुई ओलावृष्टि ने किसानों की गेहूं की फसल तबाह कर दी है। मौ क्षेत्र में पहले दोपहर 3 बजे से 20 मिनट छोटे आकार के ओले गिरे। इसके बाद बारिश होती रही, फिर शाम 4;45 बजे से बेर के आकार में ओले गिरे। दोनों बार में आधे घंटे ओले गिरे। मौ क्षेत्र के सलमपुरा, देहगांव, बमरौली, उजावल, रसनौल, बरारा, बर खेरिया, चांदन खेरिया, मघन, रुपावई, बड़ेरा, किटी, जारेट, सौरा, पखोजिया, किटेना, असोहना, जमदारा, देहगवां, अंधियारी, गंगापुरा सहित 25 गांव में ओले गिरे हैं। रौन में शाम चार बजे गौरई, मानगढ़, रेमजा, मेहदा, इंदुर्खी, नौधा, बसंतपुरा, मछंड, गोना पुरा, लारोल, महावीरगंज, दरियापुरा, राउकोट, शंकरपुरा, नवलपुरा, चांदोख सहित आदि गांवों में ओले गिरे हैं। अमायन में शाम 4.30 बजे पिपरौआ, परघना, रामपुरा, मदनपुरा, हरजीपुरा, अड़ोखर, अंधियारी, लालपुरा, अमायन, गहेली सहित पंद्रह गांव में दस मिनट तक ओलावृष्टि हुई है।
खराब मौसम के चलते बिजली गुल
जिले में खराब मौसम के चलते कई गांवों में बिजली के खंभे टूट गए तो पेड़ उखड़ गए हैं। जिससे शहर सहित जिले भर में बिजली गुल हो गई। चार घंटे तक बिजली सप्लाई ठप रही। तेज आंधी के साथ शहर में बारिश हुई। दोपहर पौने तीन बजे से अचानक मौसम बदल गया। आसमान में बादल छाने के साथ ही तेज हवाएं चलीं।
किसान बोले, बर्बाद हो गए
मौ के रुपावई में रहने वाले किसान गोपाल ङ्क्षसह कुशवाह ने बताया 10 बीघा खेत में गेहूं की फसल खड़ी है। ओलावृष्टि से फसल बर्बाद हो गई है। दरियापुरा के किसान भीमङ्क्षसह ने बताया पांच बीघा गेहूं की फसल ओलावृष्टि से चौपट हो गई है। किसानों का कहना है कि साल भर की मेहनत पर पानी फिर गया है। ओलावृष्टि के साथ ही कई इलाकों में तेज बारिश और आंधी चली। जिससे खेतों में खड़ी फसल प्रभावित हुई है।
जिले के कई गांवों में ओले गिरे हैं। अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए हैं। नुकसान का सर्वे कराया जाएगा। इसके बाद ही आंकलन जारी कर मुआवजा की कार्रवाई की जाएगी।
किरोड़ी लाल मीना, कलक्टर भिण्ड


