सहारनपुर में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में एगोकश बदमाश घायल हो गया। जिसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। यह घटना थाना फतेहपुर क्षेत्र में हुई। सोमवार और मंगलवार की दरमियानी रात थाना फतेहपुर पुलिस कलसिया से जीवाला जाने वाले मार्ग पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान गांव जीवाला की ओर से बिना नंबर की बाइक पर सवार दो संदिग्ध युवक आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने टॉर्च की रोशनी दिखाकर उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन दोनों बाइक मोड़कर तेज रफ्तार में भागने लगे। पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी, जिसमें पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे। पीछा जारी रहने पर बदमाश एक आम के बाग में कच्चे रास्ते पर घुस गए, जहां उनकी बाइक फिसलकर गिर गई। इसके बाद दोनों बदमाश पैदल भागते हुए फिर से पुलिस पर फायरिंग करने लगे। पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा।पुलिस टीम ने घायल बदमाश को तत्काल काबू में लेकर गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरा बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। घायल बदमाश की पहचान फतेहपुर थाना क्षेत्र के गांव गंदेवड निवासी रहमान पुत्र सलीम के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और बिना नंबर की बाइक बरामद की है।घायल बदमाश को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फरार बदमाश की तलाश में पुलिस लगातार कॉम्बिंग अभियान चला रही है। सीओ सदर मुनीश चंद ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी थाना फतेहपुर का बी श्रेणी का हिस्ट्रीशीटर है। उसके खिलाफ सहारनपुर सहित अन्य राज्यों में गोकशी, पशु चोरी, गैंगस्टर, आबकारी अधिनियम और आर्म्स एक्ट समेत करीब दो दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।


