Crime News बिहार के जहानाबाद में पांच साल की एक मासूम बच्ची के साथ दरिंदगी का मामला सामने आया है। इस घटना से गुस्साए लोगों ने अस्पताल में आरोपी को घेरकर जमकर हंगामा किया। पुलिस आरोपी मोहम्मद राजू को कस्टडी में लेकर मेडिकल जांच के लिए अस्पताल पहुंची थी। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है। आक्रोशित लोग आरोपी को भीड़ के हवाले करने की मांग कर रहे हैं।
भीड़ बेकाबू हो गई
यह घटना जहानाबाद जिले के नगर थाना क्षेत्र की है। पुलिस जैसे ही आरोपी को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल लेकर पहुंची, वहां पहले से मौजूद आक्रोशित लोग बेकाबू हो गए।
गुस्साए लोगों ने पुलिस से आरोपी को अपने हवाले करने की मांग शुरू कर दी। हालात को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी, जिसके चलते प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई।
3 युवक हिरासत में
पुलिस ने पहले हंगामा कर रहे लोगों को शांत कराने की कोशिश की, लेकिन जब वे नहीं माने तो हल्का बल प्रयोग करते हुए तीन लोगों को हिरासत में ले लिया। इसके बाद किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, काफी मशक्कत के बाद टीम ने आरोपी का कड़ी सुरक्षा के बीच मेडिकल परीक्षण कराया और उसे वापस थाने ले गई।
आरोपी के घर पर तोड़ फोड़
सदर एसडीपीओ मनीष चंद्र चौधरी ने बताया कि 5 वर्षीय बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने आरोपी के घर पर भी तोड़फोड़ की, जिसे किसी तरह शांत कराया गया। इसके बाद कुछ लोगों ने अस्पताल में भी आरोपी पर हमला करने की कोशिश की।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने आक्रोशित भीड़ को किसी तरह काबू में किया और हंगामा कर रहे तीन युवकों को हिरासत में लिया गया। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। घटना के बाद संवेदनशील इलाकों और अस्पताल में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।


