क्रेडिट कार्ड धोखाधड़ी, पीड़िता के 85 हजार वापस मिले:बुरहानपुर साइबर सेल ने की कार्रवाई; कार्ड बंद कराने के नाम पर ठगे थे 87 हजार

क्रेडिट कार्ड धोखाधड़ी, पीड़िता के 85 हजार वापस मिले:बुरहानपुर साइबर सेल ने की कार्रवाई; कार्ड बंद कराने के नाम पर ठगे थे 87 हजार

बुरहानपुर जिले के लालबाग थाना क्षेत्र में क्रेडिट कार्ड बंद कराने का झांसा देकर एक महिला से हुई 87,243 रुपए की धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 85,440 रुपए वापस करा दिए हैं। अज्ञात जालसाज ने पीड़िता पूजा पुजारी से ओटीपी पूछकर ठगी की थी, जिसकी तत्काल शिकायत के बाद साइबर सेल और लालबाग पुलिस ने बैंकों से समन्वय कर राशि होल्ड करा ली। वर्तमान में आवश्यक विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद होल्ड की गई राशि पीड़िता के बैंक खाते में सुरक्षित वापस कर दी गई है और पुलिस ने आम जनता से ऑनलाइन ठगी होने पर 1930 पर शिकायत करने की अपील की है। क्रेडिट कार्ड बंद कराने का झांसा देकर पूछा ओटीपी जानकारी के अनुसार, लालबाग निवासी पूजा पुजारी को अज्ञात जालसाज ने क्रेडिट कार्ड बंद कराने का झांसा दिया था। बातों में आकर पीड़िता ने अपना ओटीपी साझा कर दिया, जिसके बाद उनके खाते से कुल 87,243 रुपए की धोखाधड़ी हो गई। खाते से राशि निकलते ही पीड़िता ने तत्काल पुलिस से संपर्क किया और लालबाग थाने पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई। पोर्टल पर शिकायत दर्ज कर बैंकों से किया समन्वय एसपी देवेंद्र पाटीदार के निर्देश पर लालबाग थाने के साइबर हेल्प डेस्क के आरक्षक दीपांशु पटेल ने तुरंत नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर वित्तीय धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज की। इसके बाद एक विशेष साइबर टीम (आरक्षक दुर्गेश पटेल, सत्यपाल बोपचे, ललित चौहान, शक्तिसिंह तोमर और दीपांशु पटेल) ने विभिन्न बैंकों के साथ लगातार समन्वय स्थापित किया। टीम के प्रयासों से धोखाधड़ी की गई राशि में से 85,440 रुपए को सफलतापूर्वक होल्ड करा लिया गया, जो अब पीड़िता के खाते में वापस आ चुके हैं। एसपी ने की टीम की सराहना, 1930 पर कॉल करने की अपील एसपी देवेंद्र पाटीदार ने मामले के त्वरित निराकरण में साइबर सेल टीम और साइबर हेल्प डेस्क के उत्कृष्ट कार्य की सराहना की है। इसके साथ ही बुरहानपुर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई ऑनलाइन धोखाधड़ी होती है, तो तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें। जिले के सभी थानों में साइबर हेल्प डेस्क की सुविधा भी उपलब्ध है, जहां साइबर संबंधी शिकायतें तुरंत दर्ज कराई जा सकती हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *