उन्नाव जनपद के औरास थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे की सर्विस लाइन पर बड़ा देव तोंदा के पास एक सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौके पर ही मौत हो गई। महिला को एक पिकअप वाहन ने टक्कर मार दी थी। मृतका की पहचान नीलम दीक्षित (45 वर्ष) के रूप में हुई है, जो उपेंद्र दीक्षित की पत्नी और गौरा कला की निवासी थीं। वह वर्तमान में लखनऊ में रह रही थीं। जानकारी के अनुसार, नीलम दीक्षित बाइक से जा रही थीं तभी सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के परिजन भी पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। मृतका अपने पीछे एक 18 वर्षीय बेटा और एक 25 वर्षीय बेटी छोड़ गई हैं। उनके पति उपेंद्र दीक्षित लखनऊ के एक निजी अस्पताल में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत हैं। पुलिस ने पिकअप वाहन को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


