सरगुजा में पिकअप पलटने से हुआ गौ तस्करी का खुलासा:9 गायों से भरी पिकअप पलटी, 1 की मौत, हादसे के बाद तस्कर हुए फरार

सरगुजा में पिकअप पलटने से हुआ गौ तस्करी का खुलासा:9 गायों से भरी पिकअप पलटी, 1 की मौत, हादसे के बाद तस्कर हुए फरार

सरगुजा जिले के ग्राम खजुरी में गायों से भरी पिकअप वाहन पलट गई। हादसे के बाद पिकअप में सवार तस्कर फरार हो गए। ग्रामीणों ने पिकअप में बांधकर लोड की गई गायों को मुक्त कराया। हादसे में पिकअप में भरी गई 9 गायों में से एक गाय की मौत हो गई। 8 गायें सुरक्षित हैं। पुलिस ने मामले में अपराध दर्ज किया है। मामला दरिमा थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, दरिमा थाना क्षेत्र के ग्राम खजुरी में बीती रात तेज रफ्तार में गायों से भरी पिकअप क्रमांक JH 13 J 6737 सड़क किनारे बेकाबू होकर पलट गई। हादसा पिकअप का एक चक्का निकल जाने के कारण हुआ। हादसे की जानकारी ग्रामीणों को सुबह मिली, जब लोगों ने पलटी हुई पिकअप देखी। वे मौके पर पहुंचे तो पिकअप में बंधी गायें छटपटा रही थीं। एक गाय की मौत, 8 गायें सुरक्षित
ग्रामीणों ने पिकअप में बांधकर लोड की गई गायों को खोलकर मुक्त किया। 9 में से एक गाय की मौत हो गई है एवं 8 गायें जीवित हालत में मिली हैं। घटना की सूचना दरिमा पुलिस को दी गई। सूचना पर दरिमा थाना प्रभारी राजेश खलखो के साथ पुलिस टीम मौके पर पहुंची। राजेश खलखो ने बताया कि गायों को ग्रामीणों ने मुक्त करा लिया है। आशंका है कि गायों को तस्करी कर झारखंड ले जाया जा रहा था। जो गाड़ी पलटी है, वह झारखंड के रजिस्ट्रेशन की है। पुलिस को मौके पर कोई नहीं मिला है। आरटीओ में दर्ज रिकार्ड के आधार पर पिकअप मालिक की जानकारी ली जा रही है। मामले में पशु क्रूरता अधिनियम की धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया जाएगा। एक दिन पूर्व भी पकड़े गए थे 7 गौ-तस्कर
सरगुजा में एक दिन पूर्व ही अंबिकापुर कोतवाली क्षेत्र के खैरबार रोड में आवारा मवेशियों को पिकअप में लोड कर तस्करी करते हुए 7 तस्करों को पुलिस ने पकड़ा था। तस्कर कार व पिकअप लेकर यहां पहुंचे थे। वे आवारा मवेशियों को भरकर झारखंड ले जाने वाले थे। वे पहले भी आवारा मवेशियों को पिकअप में भरकर झारखंड में बेच चुके हैं। पिकअप में चार मवेशी लोड मिले थे। सरगुजा से तस्करी कर मवेशियों को बूचड़खाने भेजने की आशंका है। पकड़े गए अधिकांश गाय व बैल उम्रदराज हैं। इससे आशंका है कि इन्हें बूचड़खाने में काटने के लिए भेजा जा रहा था।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *