पुलिस संग मुठभेड़ में गो-तस्कर गिरफ्तार, पैर में लगी गोली, अवैध तमंचा बरामद

पुलिस संग मुठभेड़ में गो-तस्कर गिरफ्तार, पैर में लगी गोली, अवैध तमंचा बरामद

मिर्जापुर: पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस द्वारा एक वांछित अभियुक्त को मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के पास से अवैध तमंचा, कारतूस, मोबाइल फोन और नगदी भी बरामद हुई है। पुलिस को शनिवार तड़के यह सफलता हासिल हुई है।

ट्रक से बरामद हुए थे गोवंश

जानकारी के मुताबिक, जिले भर में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मिर्जापुर पुलिस ने 19 मार्च को जिगना थाना क्षेत्र के पाली इलाके से एक ट्रक से 26 गोवंश बरामद किए थे। इस मामले में थाने पर गोवध निवारण अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस को सूचना मिली थी की यह तस्करी सिराज अहमद द्वारा की जा रही थी। इसके बाद से आरोपी सिराज अहमद इस मामले में वांछित चल रहा था।

कुसह जडावती नदी पुलिया के पास हुई मुठभेड़

पुलिस को शनिवार की सुबह इस बात की जानकारी हुई कि आरोपी अपने वहन का पता लगाने और उसे छुड़ाने की इरादे से चितौली की तरफ आने वाला है। सूचना के बाद पुलिस टीम ने कुसह जडावती नदी पुलिया के पास बैरिकेडिंग करके घेराबंदी की। इसी दौरान संदिग्ध एक व्यक्ति आता दिखाई दिया, जिसे पुलिस ने रुकने का इशारा किया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की और इसी दौरान पुलिस टीम पर अवैध असलहे से फायरिंग कर दी।

आरोपी के बाएं पैर में लगी गोली

पुलिस ने बताया कि इस दौरान आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई, जिसमें आरोपी सिराज अहमद के बाएं पैर में गोली लग गई और वह घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। पुलिस मौके पर पहुंची और उसे गिरफ्तार कर पुलिस अभीरक्षा में इलाज के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने उसकी हालत सामान्य बताई है और उसका इलाज किया जा रहा है।

अवैध तमंचा व कारतूस बरामद

गिरफ्तार आरोपी सिराज अहमद जौनपुर जनपद के सरायख्वाजा थाना क्षेत्र का रहने वाला है। पुलिस ने उसके पास से 315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस एक जिंदा कारतूस, एक एंड्राइड मोबाइल फोन और ₹1200 कैश बरामद किया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी से मामले में आगे की पूछताछ की जाएगी और उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *