निवाड़ी जिले के वार्ड नंबर 14 स्थित हर्षमऊ रेलवे स्टेशन के पास कचरे के ढेर में आग लगने से कई गायें झुलस गईं। इस घटना में दो गायों की मौत की खबर सामने आई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद नगर परिषद सीएमओ अरविंद तिवारी ने तत्काल सुधार कार्य का आश्वासन दिया है। बताया गया है कि हर्षमऊ रेलवे स्टेशन के पास बने इस कचरा घर में लंबे समय से बड़ी संख्या में आवारा पशु भोजन की तलाश में पहुंचते हैं। ये गायें यहां पड़े पॉलिथीन, सड़े-गले खाने और अन्य जहरीले पदार्थों को खाकर अपनी भूख मिटाने की कोशिश करती हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, नगर परिषद द्वारा कचरा प्रबंधन की कोई प्रभावी व्यवस्था न होने के कारण यह स्थान आवारा पशुओं का स्थायी ठिकाना बन गया है। इसी कचरा घर में किसी अज्ञात व्यक्ति ने आग लगा दी, जिसकी चपेट में वहां मौजूद कई गायें आ गईं। आग लगने के बाद कुछ गायें बुरी तरह झुलस गईं, जबकि दो की मौके पर ही मौत हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैलने के बाद पूरे इलाके में आक्रोश व्याप्त हो गया। स्थानीय निवासियों का कहना है कि यदि नगर परिषद ने समय रहते कचरा प्रबंधन और पशुओं के संरक्षण के लिए उचित व्यवस्था की होती, तो शायद यह घटना टाली जा सकती थी। यह सवाल भी उठ रहा है कि नगर परिषद क्षेत्र में गौशालाएं होने के बावजूद इतनी बड़ी संख्या में गायें सड़कों और कचरा घरों में क्यों भटक रही हैं। निवाड़ी जिले में कचरा घरों के अलावा हाईवे और शहर की मुख्य सड़कों पर भी आवारा पशुओं के झुंड अक्सर देखे जाते हैं, जो कई बार सड़क हादसों का कारण बनते हैं। टीम को मौके पर भेजा इस मामले में नगर परिषद सीएमओ अरविंद तिवारी का कहना है कि नगरीय क्षेत्र के बाहर जो कचरा प्लांट है, वीडियो में वो दिख रहा है। जानकारी लगने के बाद जेसीबी और अन्य संसाधन भेज कर सुधार कार्य करवाया जा रहा है।


