दंपती को 43 बार चाकू मारे, एक गोली-तीन मौतें:राजस्थान से 80KM स्कूटी चलाकर मंदसौर आया दोस्त, आधा घंटे चाय-बिस्किट के बाद कत्ल

दंपती को 43 बार चाकू मारे, एक गोली-तीन मौतें:राजस्थान से 80KM स्कूटी चलाकर मंदसौर आया दोस्त, आधा घंटे चाय-बिस्किट के बाद कत्ल

मंदसौर में बुधवार रात गोल चौराहा क्षेत्र में 20 साल का पारिवारिक दोस्त ही कातिल निकला। आरोपी राजस्थान से 80 किलोमीटर स्कूटी चलाकर दिलीप जैन के घर पहुंचा था। घर में करीब आधे घंटे तक चाय-बिस्किट और सामान्य बातचीत हुई। इसके बाद अचानक विवाद बढ़ा और आरोपी ने चाकू निकालकर दिलीप जैन पर 13 बार वार कर दिए। दिलीप की मौके पर ही मौत हो गई। शोर सुनकर बचाने पहुंची पत्नी रेखा जैन पर 30 से अधिक ताबड़तोड़ चाकू के वार किए गए। सिर, गर्दन, हाथ और सीने पर गंभीर चोटों के कारण रेखा ने भी दम तोड़ दिया। वारदात के बाद आरोपी फरार नहीं हुआ। वह घर के हाल में टहलता रहा, सोफे पर बैठा और फिर खुद की कनपटी पर गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में कारोबारी लेन-देन को लेकर पुराना विवाद सामने आया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज जब्त कर लिए हैं और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। मामले को लेकर भास्कर टीम ने दोनों परिवारों, पुलिस और मृतकों के मित्रों से बातचीत की। सभी का कहना है कि किसी ने कभी खुले तौर पर विवाद का जिक्र नहीं किया था। हालांकि व्यापारियों का कहना है कि पिछले कुछ समय से लेन-देन को लेकर दोनों के बीच खींचतान चल रही थी। पढ़िए पूरी रिपोर्ट… पुलिस बोली- चेहरा ढंकना और ग्लव्स पहनना… मतलब पहले से प्लानिंग थी
वीडियो के मुताबिक, आरोपी विकास सोनी शाम 5:40 बजे राजस्थान के निम्बाहेड़ा से स्कूटी पर सवार होकर निकलता है। रास्ते भर वह बिना रुके आगे बढ़ता दिखाई देता है। करीब 1 घंटा 42 मिनट बाद रात 7:22 बजे वह मंदसौर पहुंचकर दिलीप जैन के घर के सामने स्कूटी रोकता है। फुटेज में साफ दिखता है कि विकास ने चेहरे पर गमछा बांध रखा था और ग्लव्स पहने हुए था। वह स्कूटी खड़ी करता है। इधर-उधर देखता है और फिर सीधे दिलीप जैन के घर में दाखिल हो जाता है। मामले की जांच कर अफसरों ने भी माना कि फुटेज इस बात की पुष्टि करता है कि आरोपी पूरी तैयारी के साथ आया था। चेहरे को ढंकना और ग्लव्स पहनना वारदात से पहले की पूर्वनियोजित मंशा की ओर इशारा कर रहा है। पुलिस अब इस फुटेज को आधार बनाकर आरोपी की मूवमेंट, टाइम लाइन और इरादों की भी जांच कर रही है। फोन कर बुलाया, फिर सीने और चेहरे पर चाकू से एक बाद एक 13 वार किए
दिलीप जैन के घर पहुंचने के समय घर में केवल दिलीप की पत्नी रेखा जैन मौजूद थीं। इसके बाद विकास ने दिलीप को फोन किया। करीब 12 मिनट बाद दिलीप घर पहुंचे। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इसके बाद दिलीप और विकास ने साथ बैठकर चाय पी और बिस्किट खाए, जो रेखा जैन लेकर आई थीं। चाय-बिस्किट देने के बाद रेखा दूसरी मंजिल पर बने कमरे में चली गईं। करीब आधे घंटे तक सामान्य बातचीत चलती रही। इसके बाद अचानक दिलीप और विकास के बीच विवाद बढ़ गया और झूमा-झटकी जैसी स्थिति बन गई। इसी दौरान विकास ने देशी पिस्टल निकाली और दिलीप पर फायर करने की कोशिश की, लेकिन गोली नहीं चली। इसके बाद विकास ने मोजे में छिपाकर रखा चाकू निकाला और दिलीप की छाती और चेहरे पर एक के बाद एक 13 वार कर दिए। अचानक हुए इस हमले से दिलीप को संभलने तक का मौका नहीं मिला। पति को बचाने दौड़ी पत्नी, उस पर भी 30 से ज्यादा हमला किया
हॉल का शोर सुनकर दिलीप की पत्नी रेखा जैन मौके पर पहुंचीं। पति को खून से लथपथ देख वह आरोपी विकास पर टूट पड़ीं। इसके बाद विकास ने रेखा पर भी चाकू से ताबड़तोड़ वार किए। रेखा ने आखिरी दम तक संघर्ष किया, लेकिन गंभीर चोटों के कारण वह औंधे मुंह फर्श पर गिर पड़ीं। इस दौरान आरोपी विकास ने रेखा पर 30 से ज्यादा बार चाकू मारे। हमले के बाद घर में टहलता रहा, फिर दाहिनी कनपटी पर गोली मार ली
जब पति-पत्नी अंतिम सांसें गिन रहे थे, तब भी आरोपी घबराया नहीं। वह पहले घर के भीतर टहलता रहा, फिर सोफे पर बैठा। इसके बाद उसने पिस्टल उठाकर अपनी दाहिनी कनपटी पर गोली मार ली। गोली कनपटी को चीरते हुए सिर के रास्ते बाहर निकली और घर की छत में लगे पीओपी में जा धंसी। पुलिस जांच में सामने आया है कि पूरे घटनाक्रम में केवल एक ही गोली चली, जो आरोपी विकास ने खुद को मारी। डीवीआर जब्त किया, विकास की जेब से मिले नोट
एसपी विनोद कुमार मीणा ने बताया कि पोस्टमॉर्टम के बाद तीनों शवों को परिजनों के सिपुर्द कर दिया गया है। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज और परिजनों से पूछताछ के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। सिटी कोतवाली पुलिस ने मृतक दिलीप के भतीजे मानव की शिकायत पर निम्बाहेड़ा निवासी आरोपी विकास सोनी के खिलाफ धारा 103 (1) 25/27 और 302 के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मौके से एक चाकू, एक पिस्टल, एक कारतूस सहित छत के पीओपी में फंसी एक गोली जब्त की है। इसके अलावा घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी कब्जे में लिया गया है। मौके से एक बॉक्स में रखे चार सोने के कंगन भी पुलिस को मिले हैं। पोस्टमॉर्टम के दौरान आरोपी विकास की जेब से 500 रुपए के नोटों की एक गड्डी बरामद हुई। वहीं मृतक दिलीप जैन के पास से 500 रुपए के 18 नोट, यानी कुल 9 हजार रुपए मिले हैं। दोनों के दो-दो बच्चे हैं, परिजन बोले-विश्वास नहीं हो रहा
विकास सोनी राजस्थान के निम्बाहेड़ा का निवासी था और सराफा बाजार में ‘अपना ज्वेलर्स’ नाम से दुकान चलाता था। उसके पिता का पहले ही निधन हो चुका था। परिवार में अब मां और पत्नी ही थीं। विकास के दो बेटे हैं, जिनकी उम्र क्रमशः 3 साल और 7 साल है। वहीं मृतक दिलीप जैन के भी दो बच्चे हैं। बेटा आर्किटेक्ट है, जबकि बेटी गुरुग्राम में पढ़ाई कर रही है। बताया जाता है कि विकास के पिता और दिलीप के पिता की 20 साल से पहचान थी। दोनों परिवारों का एक-दूसरे के घर भी आना-जाना था। इसके बाद विकास के पिता का निधन हो जाने के बाद दिलीप के विकास से भी गहरे संबंध हो गए थे। दोनों के परिवार के लोग अभी भी इस घटनाक्रम पर विश्वास नहीं कर पा रहे हैं। राजस्थान के निंबाहेड़ा पहुंची मंदसौर पुलिस
मामले की गुत्थी सुलझाने के लिए मंदसौर सिटी कोतवाली पुलिस की टीम राजस्थान के निंबाहेड़ा पहुंची और मृतक आरोपी विकास के परिजनों से पूछताछ की। पुलिस ने विकास की मां, बहन और पत्नी से दिलीप जैन के साथ उसके रिश्तों को लेकर सवाल किए। परिजनों ने बताया कि दिलीप और विकास के बीच करीब 20 साल पुरानी दोस्ती थी। विकास की मां के अनुसार, अगस्त 2025 में दिलीप जैन अपनी पत्नी रेखा जैन के साथ उनके घर आए थे। दोनों काफी देर तक रुके और इस दौरान सभी ने साथ बैठकर चाय पी थी। परिजनों ने यह भी बताया कि बीते कुछ समय से मंदसौर निवासी दिलीप के कॉल आने पर विकास मोबाइल अटेंड नहीं करता था। हालांकि, इसकी कोई ठोस वजह विकास ने परिवार के किसी सदस्य को नहीं बताई थी। पुलिस पूछताछ के दौरान विकास सोनी की बहन भी मौजूद रहीं, जो हत्याकांड की सूचना मिलने के बाद नीदरलैंड्स से निम्बाहेड़ा पहुंची हैं। उन्होंने बताया कि भाई विकास ने कभी कर्ज, दुश्मनी या किसी तरह की परेशानी का जिक्र नहीं किया था। उनके मुताबिक, वह इस घटना पर अब तक विश्वास नहीं कर पा रही हैं। वहीं, मृतक विकास की पत्नी घटना वाले दिन दोनों बच्चों के साथ मायके में मौजूद थी। ……………………………. संबंधित खबर पढ़ें… मंदसौर में मर्डर के बाद गोली मारकर सुसाइड किया; मंदसौर पुलिस बोली- लेन-देन के विवाद में वारदात मंदसौर के गोल चौराहा क्षेत्र में बुधवार रात व्यापारिक लेन-देन को लेकर हुई फायरिंग की घटना में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान सराफा व्यापारी दिलीप जैन, उनकी पत्नी रेखा जैन और विकास सोनी के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पूरी खबर पढ़ें

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *