मऊ जिले में 17 जनवरी को जनपद स्तरीय संस्कृति उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस उत्सव में चयनित कलाकारों को उत्तर प्रदेश पर्व के अवसर पर सम्मानित किया जाएगा। यह जानकारी सूचना अधिकारी धनपाल सिंह ने दी। सूचना अधिकारी ने बताया कि उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक परंपरा प्राचीन काल से ही धर्म, दर्शन, कला, साहित्य और संगीत के क्षेत्र में विश्वभर में अग्रणी रही है। प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत में गायन, वादन, नृत्य और लोकनाट्य की विभिन्न शैलियों के गुरुओं और कलाविदों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। संस्कृति विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा “उत्तर प्रदेश पर्व हमारी संस्कृतिः हमारी पहचान” के तहत ‘संस्कृति उत्सव’ की शुरुआत की गई है। इसका उद्देश्य ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में शास्त्रीय और लोक संगीत के कलाकारों की पहचान कर उन्हें मंच प्रदान करना और प्रोत्साहित करना है। पिछले वर्ष की तरह इस वर्ष भी संस्कृति उत्सव 2025-26 का आयोजन किया जा रहा है। इस उत्सव का आयोजन गांव, पंचायत, ब्लॉक और तहसील स्तर पर किया जा रहा है, जहां कलाकारों का चयन भी किया जा रहा है। चयनित कलाकारों की जनपद स्तरीय प्रतियोगिता 17 जनवरी, 2026 को नगर पालिका कम्युनिटी हॉल मऊ में होगी। जनपद स्तर पर चयनित कलाकारों को मंडल स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए भेजा जाएगा। इसके बाद, 23 जनवरी 2026 को लखनऊ में होने वाली प्रतियोगिता के विजयी प्रतिभागियों का उत्तर प्रदेश पर्व में प्रस्तुति के लिए पूर्वाभ्यास होगा। अंतिम रूप से चयनित सभी प्रतिभागियों की प्रस्तुतियां 24 से 26 जनवरी 2026 तक उत्तर प्रदेश पर्व के अवसर पर होंगी, जहां उन्हें सम्मान और पुरस्कार वितरित किए जाएंगे। जनपद के समस्त कलाकार इस प्रतियोगिता में भाग ले सकते हैं।


