पंचायत चुनाव की उलटी गिनती शुरू, फाइनल वोटर लिस्ट जारी, 18.91 लाख मतदाता चुनेंगे जयपुर जिले की गांवों की सरकार

पंचायत चुनाव की उलटी गिनती शुरू, फाइनल वोटर लिस्ट जारी, 18.91 लाख मतदाता चुनेंगे जयपुर जिले की गांवों की सरकार

बस्सी। निर्वाचन विभाग ने पंचायत चुनावों को लेकर तैयारी तेज करते हुए बुधवार को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन कर दिया। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में चुनावी सरगर्मी बढ़ गई है। अब सबकी नजर राज्य सरकार की ओर है कि पंचायत चुनाव की अधिसूचना कब जारी होगी। माना जा रहा है कि अगले महीने चुनाव संभव है।

जयपुर जिले की बस्सी, चाकसू, जमवारामगढ़ सहित कुल 22 पंचायत समितियों में 18 लाख 91 हजार मतदाता दर्ज किए गए हैं। प्रारूप सूची पर दावे-आपत्तियों के निस्तारण के बाद अंतिम सूची लागू कर दी गई है। ये मतदाता पंच, सरपंच, पंचायत समिति सदस्य एवं जिला परिषद सदस्य चुनेंगे। इसके बाद पंचायत समिति सदस्य प्रधान व उपप्रधान तथा जिला परिषद सदस्य जिला प्रमुख व उपजिला प्रमुख का चुनाव करेंगे। पंचायत चुनावों की उलटी गिनती शुरू हो चुकी है, अब औपचारिक घोषणा का इंतजार है।

अगला चरण: बूथ और सुरक्षा व्यवस्था

मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन चुनाव प्रक्रिया का अहम चरण माना जाता है। अब मतदान केंद्रों की संख्या, बूथों का पुनर्गठन, कार्मिकों की नियुक्ति और सुरक्षा व्यवस्था की योजना बनाई जाएगी। विभाग का उद्देश्य निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करना है।

संभावित प्रत्याशी जनसंपर्क में जुटे

राजस्थान में इस बार 41 जिला परिषदों, 457 पंचायत समितियों और 14,403 ग्राम पंचायतों में चुनाव होंगे। प्रदेश में कुल 4 करोड़ 2 लाख 34 हजार ग्रामीण मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे। इतनी बड़ी संख्या के कारण पंचायत चुनाव प्रदेश का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक आयोजन माना जाता है। संभावित प्रत्याशी गांव-गांव जनसंपर्क में जुट चुके हैं, हालांकि आधिकारिक घोषणा के अभाव में गतिविधियां सीमित दायरे में हैं।

लॉटरी का इंतजार

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार अब विभिन्न पदों के वर्ग निर्धारण के लिए लॉटरी प्रक्रिया होगी। सरकार की अधिसूचना जारी होते ही आचार संहिता लागू हो जाएगी और नामांकन से मतदान तक की औपचारिक प्रक्रिया शुरू होगी। ग्रामीण क्षेत्रों में फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि चुनाव तारीखों की घोषणा कब होगी।

फैक्ट फाइल

जयपुर जिले में पंचायत समितियां : 22
जयपुर जिले के कुल मतदाता : 18 लाख 91 हजार
प्रदेश में जिला परिषदें : 41
प्रदेश में पंचायत समितियां : 457
प्रदेश में ग्राम पंचायतें : 14 हजार 403
प्रदेश के कुल ग्रामीण मतदाता : 4 करोड़ 2 लाख 34 हजार

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *