पार्षद बोले-जनता ने हमें समोसे खाने नहीं, काम के लिए भेजा है; विधायक की फटकार-चापलूसी छोड़ो, सेवक बनो

पार्षद बोले-जनता ने हमें समोसे खाने नहीं, काम के लिए भेजा है; विधायक की फटकार-चापलूसी छोड़ो, सेवक बनो

MP News: गुना नगरपालिका परिषद का साधारण सम्मेलन शुक्रवार को लोकशाही के शोर और तीखी नोकझोंक की भेंट चढ़ गया। विकास के दावों और वार्डों की बदहाली के बीच हुई इस बैठक में पार्षदों का आक्रोश उस वक्त फूट पड़ा जब उन्होंने सीधे तौर पर प्रशासनिक कार्यप्रणाली को कठघरे में खड़ा किया। हंगामे के बीच सबसे बड़ी खबर यह रही कि नपा अब गुना रेलवे स्टेशन को वल्क वाटर कनेक्शन देगी, जिसकी लागत का भुगतान रेलवे बोर्ड द्वारा किया जाएगा।

बैठक की शुरुआत होते ही वार्डों में लंबित कार्यों को लेकर विपक्ष ही नहीं, सत्ता पक्ष के पार्षदों ने भी मोर्चा खोल दिया। पार्षद दिनेश शर्मा के इस बयान ने सदन में सन्नाटा खींच दिया कि कि जनता ने हमें परिषद में समोसा खाने के लिए नहीं, बल्कि विकास कराने के लिए भेजा है। पार्षदों ने आरोप लगाया कि सीएमओ को बार-बार पत्र देने के बाद भी फाइलों पर धूल जम रही है। नेता प्रतिपक्ष शेखर वशिष्ठ, तरुण मालवीय और सचिन धूरिया ने भेदभावपूर्ण तरीके से टेंडर निरस्त करने के गंभीर आरोप लगाए।

डॉग बाइट और आवारा मवेड़शियों पर जताई चिंता: सम्मेलन में मौजूद विधायक पन्नालाल शाक्य ने शहर की चरमराती सफाई व्यवस्था पर ऐतराज जताया। नेता प्रतिपक्ष शेखर वशिष्ठ ने मुद्दा उठाया कि नपा लाखों की खरीदी तो कर रही है, लेकिन पार्षदों को वार्डों में डालने के लिए चूना और फिनाइल तक उपलब्ध नहीं है। शहर में बढ़ते डॉग बाइट और आवारा मवेशियों के आतंक पर भी चिंता जताई गई। वशिष्ठ ने एजेंडा में ‘प्रश्नकाल’ शामिल न होने को लोकतांत्रिक प्रक्रिया का हनन बताया।

3 प्रस्ताव अगली बैठक के लिए टाले गए

हंगामे के बीच सीएमओ डॉ. मंजूषा खत्री ने स्पष्ट लहजे में कहा कि निर्णय चार पार्षदों के कहने से नहीं, बल्कि बहुमत के आधार पर लिए जाएंगे। इसी रणनीति के तहत कुल 14 प्रस्तावों में से 3 को अगली बैठक के लिए टाला गया, जबकि शेष 11 प्रस्तावों को विरोध के बावजूद पारित कर दिया गया। अध्यक्ष सविता गुप्ता ने आश्वस्त किया कि शहर के हर वार्ड में समान रूप से विकास कार्य कराए जाएंगे। बैठक में उपाध्यक्ष धर्म सोनी सहित समस्त पार्षद मौजूद रहे, लेकिन पूरे समय चर्चा से ज्यादा आरोप-प्रत्यारोप का दौर हावी रहा।

पन्ना विधायक ने लगाई फटकार, स्वास्थ्य अधिकारी से बोले फील्ड में नहीं दिखते

विधायक पन्नालाल शाक्य ने नगरपालिका के कर्मचारियों और अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारी से पूछा कि क्या वे कभी नगर का दौरा करते हैं? विधायक ने कर्मचारियों को दो-टूक कहा, चापलूसी बंद करो, आप सरकार के नुमाइंदे हैं, किसी के व्यक्तिगत नौकर नहीं। विधायक ने पीएम आवास कॉलोनी में अटल मार्केट बनाने का सुझाव दिया। उन्होंने पूर्व मुख्य न्यायाधीश आरसी लाहोटी के सम्मान में दिल्ली में एक सडक़ का नामकरण उनके नाम पर करने केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजने का आह्वान किया।

हालांकि यह नामाकरण शहर में करने की नपा ने तैयारी की थी। विधायक ने महिला पार्षदों को आत्मनिर्भर बनाने और परिषद में स्वयं की सक्रियता बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि जो महिलाएं घर चला सकती हैं, वे नगरपालिका भी कुशलता से चला सकती हैं। सम्मेलन के अंत में सडक़ों के खराब मेंटेनेंस पर चिंता जताते हुए विधायक ने कहा कि आज बनाया और कल उखड़ गया जैसी कार्यप्रणाली अब नहीं चलेगी। मेंटेनेंस की गुणवत्ता अपने घर की तरह रखनी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *