सरायकेला और आदित्यपुर में पार्षद का नामांकन शुरू

सरायकेला और आदित्यपुर में पार्षद का नामांकन शुरू

भास्कर न्यूज| सरायकेला सरायकेला नगर पंचायत व आदित्यपुर नगर निगम चुनाव के लिए नामांकन फॉर्म खरीदने के साथ आदित्यपुर नगर निगम के वार्ड पार्षद द्वारा नामांकन भी शुरू कर दिया गया है। सरायकेला नगर पंचायत : सरायकेला नगर पंचायत के अध्यक्ष पद के लिए शनिवार को दो नामांकन फॉर्म की खरीदारी की गई है। एक नामांकन फॉर्म राजा प्रताप आदित्य सिंहदेव व दूसरा विष्णुदेव प्रसाद द्वारा पर्चा खरीदा गया है। वहीं नगर पंचायत के वार्ड नंबर एक से 11 तक के लिए शनिवार को छह लोगों ने नामांकन फॉर्म खरीदा है, जिसमें दो महिला व चार पुरुष शामिल हैं। आदित्यपुर नगर निगम : आदित्यपुर नगर निगम के महापौर के लिए चार नामांकन फार्म की खरीदारी वासिनी कालुंडिया, शकुंतला महाली, विक्रम किस्कू व रमेश बलमुचू ने की है। वार्ड नंबर एक से नौ के लिए नौ नामांकन फॉर्म की खरीदारी वार्ड पार्षद के चुनाव के लिए प्रत्याशियों ने की। वार्ड नंबर 19 से 27 के वार्ड पार्षद के लिए सात नामांकन फार्म की खरीदारी की गई। वार्ड नंबर 23 के अवधेश सिंह व रश्मि सिंह ने अपना अपना नामांकन भी किया। वहीं वार्ड नंबर 28 से 35 के लिए पांच नामांकन फार्म की खरीदारी की गई। सरायकेला नगर पंचायत क्षेत्र में नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज होती जा रही है। इसी कड़ी में राजा प्रताप आदित्य सिंह देव ने नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए अपनी दावेदारी पेश करते हुए नामांकन पत्र खरीदा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार वे आगामी तीन फरवरी को विधिवत अपना नामांकन दाखिल करेंगे। उनके द्वारा नामांकन पत्र लिए जाने के बाद नगर क्षेत्र की राजनीतिक समीकरण में बड़ा बदलाव महसूस किया जा रहा है। हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उन्हें किसी राजनीतिक दल का औपचारिक समर्थन प्राप्त है या नहीं। बावजूद इसके राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा जोरों पर है कि झारखंड मुक्ति मोर्चा की ओर से उन्हें समर्थन मिल सकता है। वहीं दूसरी ओर भारतीय जनता पार्टी की ओर से भी अब तक अध्यक्ष पद के लिए उम्मीदवार की घोषणा नहीं की गई है, जिससे सस्पेंस की स्थिति बनी हुई है। रविवार सुबह तक भाजपा एवं झारखंड मुक्ति मोर्चा झामुमो समर्थित उम्मीदवारों का चेहरा साफ हो सकती है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *