वाराणसी से भदोही तक फैला कफ सिरप का कारोबार, 3.57 करोड़ का घोटाला, शातिर ‘बनारसी’ गिरफ्तार

वाराणसी से भदोही तक फैला कफ सिरप का कारोबार, 3.57 करोड़ का घोटाला, शातिर ‘बनारसी’ गिरफ्तार

भदोही जिले की पुलिस ने अवैध रूप से कोडिन कफ सिरप की तस्करी को लेकर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसने करीब 3 करोड़ 50 लाख रुपए की हेरा फेरी की है। बताया जा रहा है कि पुलिस की गिरफ्त में आया आरोपी वाराणसी का रहने वाला है और इस अवैध धंधे में शामिल था।

अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि कोडिन कफ सिरप तस्करी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जो इस नेटवर्क का सक्रिय सदस्य था। आरोपी की पहचान विजय गुप्ता के रूप में हुई है और वह वाराणसी का रहने वाला है। मुखबिर की सूचना के बाद उसे चौरी थाना क्षेत्र के मानिकपुर तिराहे से पकड़ा गया है।

3.57 करोड़ की फर्जी बिलिंग

उन्होंने बताया कि पुलिस की जांच में सामना आया है कि आरोपी 2.57 लाख बोतल न्यू फैंसीडील की तस्करी को लेकर फर्जी कागजात के जरिए क्रय विक्रय दिखाया था। पुलिस की जांच में सामने आया कि इस मामले में बड़े स्तर की गड़बड़ी की गई है। पुलिस ने बताया कि इस पूरे माल की अनुमानित कीमत लगभग 3 करोड़ 57 लाख रुपए से अधिक थी और फर्जी कागजात के जरिए लेनदेन को वैध दिखाने की कोशिश की गई थी। उन्होंने बताया कि असल में इसे अवैध रूप से नशे के लिए इस्तेमाल किए जाने के रूप में बेचा गया था।

उन्होंने बताया कि जांच के क्रम में इस बात की जानकारी हुई कि इनका नेटवर्क काफी बड़ा है, जिसकी शुरुआत वाराणसी से होकर भदोही और कई जनपदों तक फैला हुआ है। उन्होंने आशंका जताई है कि इस मामले में विभिन्न जनपदों के कई अन्य लोग भी शामिल हैं, जो फिलहाल फरार बताया जा रहे हैं।

कई जनपदों तक फैला साम्राज्य

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि इस मामले में आजमगढ़ की शिव शक्ति इंटरप्राइजेज द्वारा 41 हजार बोतल (100ml) और मां शारदा फर्म द्वारा 45 हजार बोतल की सप्लाई भदोही के एक मेडिकल स्टोर पर दिखाई गई थी। पुलिस जांच में इस बात की जानकारी हुई की सप्लाई के सारे दस्तावेज फर्जी थे और इन्हें गंतव्य तक ना पहुंचाकर अवैध कारोबार तक पहुंचा जा रहा था।

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह गंभीर विषय है कि कफ सिरप की इन बोतलों को अवैध रूप से नशे के कारोबार में इस्तेमाल किया जा रहा था। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट की तहत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। अपर पुलिस अधीक्षक ने आश्वासन दिया कि जो भी लोग इस मामले में संलिप्त हैं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *