रायपुर में शहरी विकास से जुड़ी प्रमुख योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देश पर रायपुर नगर निगम आयुक्त विश्वदीप ने मंगलवार को कलेक्टर सभाकक्ष में निगम अधिकारियों, जोन आयुक्तों और मुख्य नगर पालिका अधिकारियों (सीएमओ) की समीक्षा बैठक ली। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 1.0 और 2.0, स्वच्छ भारत मिशन (शहरी) 2.0, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, मिशन अमृत 2.0 और एनिमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी) रूल 2023 के तहत चल रही योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। आवास योजना के काम तुरंत शुरू करने के निर्देश निगम आयुक्त विश्वदीप ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं में तय समय-सीमा के भीतर लक्ष्य पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के तहत स्वीकृत सभी कार्यों को तत्काल शुरू किया जाए, ताकि हितग्राहियों को समय पर लाभ मिल सके। स्वच्छ सर्वेक्षण के लिए कचरा संग्रह बढ़ाने पर जोर स्वच्छ भारत मिशन शहरी 2.0 के तहत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर भी निर्देश दिए गए। आयुक्त ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2024-25 को ध्यान में रखते हुए जिले के नगरीय निकायों को संग्रहित ठोस अपशिष्ट के प्रतिशत में 10 प्रतिशत वृद्धि का लक्ष्य पूरा करने को कहा। स्वनिधि योजना में ऋण वितरण तेज करने के निर्देश प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत पात्र हितग्राहियों को पहले चरण का ऋण समय पर वितरित करने पर जोर दिया गया। साथ ही स्वीकृत लक्ष्यों में से 40 प्रतिशत कार्य निर्धारित तिथि तक पूरा करने के निर्देश दिए गए। जल और सीवेज योजनाओं पर फोकस मिशन अमृत 2.0 के तहत शेष नल कनेक्शनों के लक्ष्य को जल्द पूरा करने और स्वीकृत सीवेज परियोजनाओं में भौतिक प्रगति समय पर सुनिश्चित करने को कहा गया। आवारा कुत्तों के प्रबंधन के लिए निर्देश एबीसी रूल 2023 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए गए। निगम आयुक्त ने आवारा कुत्तों के स्टेरलाइजेशन, वैक्सीनेशन, डीवार्मिंग और वैज्ञानिक प्रबंधन को तेज करने, चिन्हांकित आवारा कुत्तों की संख्या पर नियंत्रण रखने और सभी निगम, जोन कार्यालयों व नगर पालिकाओं में डॉग फीडिंग जोन स्थापित करने के निर्देश दिए। ये रहे मौजूद बैठक में जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, बिरगांव निगम आयुक्त युगल किशोर उर्वशा सहित रायपुर नगर निगम के अपर आयुक्त, जोन आयुक्त और सभी सीएमओ मौजूद रहे।


