Itarsi News : मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले के अंतर्गत आने वाले इटारसी के झुग्गी क्षेत्र में शनिवार देर रात एक 19 वर्षीय युवक की हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि, युवक की हत्या महज ट्रैक्टर-ट्रॉली हटाने को लेकर शुरु हुए विवाद में की गई है। मृतक की पहचान भाट मोहल्ला निवासी बंटा उर्फ जयदीप भाट के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, युवक की हत्या पेट में 7 से 8 चाकू के वार करके की गई है।
पुलिस के अनुसार, ये वारदात रात करीब 12 बजे के आसपास उस समय घटी, जब जयदीप अपनी बहन के मकान का सामान भरवा रहा था, तभी वहां खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली हटाने को लेकर उसका मनोज राजपूत से विवाद हो गया। शुरुआती कहासुनी और मारपीट जल्द ही हिंसक रूप ले गई।
पेट में किए चाकू के 7 से 8 वार
आरोप है कि, मनोज राजपूत अपने तीन साथियों के साथ जयदीप को न्यास कॉलोनी के नाले के पास ले गया। वहां उस पर चाकू से 7-8 वार किए गए, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
संदिग्धों से पूछताछ में जुटी पुलिस
मामले को लेकर इटारसी थाना प्रभारी गौरव सिंह बुंदेला ने का कहना है कि, पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।


