सास की बदसलूकी और पति की पिटाई के बाद शुरू हुआ विवाद

सास की बदसलूकी और पति की पिटाई के बाद शुरू हुआ विवाद

भास्कर न्यूज| जालंधर भार्गव कैंप इलाके में महिला से पुलिस मारपीट के मामले में जहां विभाग ने कार्रवाई करते हुए 3 पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया है, वहीं अब पीड़ित परिवार की बहू प्रिया मीडिया के सामने आई है। प्रिया ने अपनी सास और पति रोहित पर गंभीर आरोप लगाते हुए पूरी घटना की अलग कहानी बताई है। उसका कहना है कि विवाद की शुरूआत सास की बदसलूकी और पति द्वारा की गई मारपीट से हुई थी। प्रिया के मुताबिक, उसने अपनी जान और अपनी छोटी बच्ची की सुरक्षा के लिए पुलिस से मदद मांगी थी। प्रिया ने बताया कि उसकी और रोहित की लव मैरिज करीब 5 साल पहले हुई थी, लेकिन पिछले कुछ समय से रिश्ते में तनाव चल रहा था। 5 मार्च को उसके पिता की सालगिरह थी और वह 2-4 दिन के लिए मायके रहना चाहती थी। इसी बात को लेकर पति ने उसके साथ मारपीट की और उसे व उसके पिता को जान से मारने की धमकी दी। प्रिया का आरोप है कि जब भी वह मायके जाने की बात करती थी, पति विवाद शुरू कर देता था। 6 मार्च को रोहित उसके मायके पहुंचा और जबरदस्ती उसे वापस ले जाने की कोशिश की। विरोध करने पर उसने गाली-गलौज और मारपीट की, जिसके बाद आसपास के लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत कराया। तब से प्रिया अपने मायके में रह रही है। प्रिया ने आरोप लगाया कि मामला तब और बिगड़ गया जब उसके पति, देवर और ससुर ने मिलकर उसके मायके पर हमला कर दिया और उसकी छोटी बच्ची को जबरन अपने साथ ले गए। बच्ची को ले जाने के बाद उसे उससे बात तक नहीं करने दी जा रही थी और फोन पर धमकियां दी जा रही हैं। बच्ची की सुरक्षा को लेकर डरी प्रिया ने पुलिस से मदद मांगी और एएसआई प्रवीण से बच्ची को वापस दिलाने की गुहार लगाई। पुलिस कार्रवाई को लेकर प्रिया ने कहा कि उसकी सास ने ही पहले पुलिस के साथ बदसलूकी और हाथापाई की थी। उसके अनुसार, पुलिस केवल उसे और उसकी बच्ची को सुरक्षित करने की कोशिश कर रही थी। प्रिया ने सास द्वारा लगाए गए चरित्र संबंधी आरोपों को भी सिरे से खारिज किया। उसने प्रशासन से मांग की है कि उसकी बच्ची को जल्द से जल्द उसे सौंपा जाए और परिवार को सुरक्षा दी जाए। पुलिस जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की बात कही जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *