हरियाणा के सिरसा जिले के गांव गंगा में एक रिहायशी मकान के ऊपर से गुजर रही 11 केवी हाई वोल्टेज बिजली लाइन को हटाने को लेकर विवाद बढ़ गया है। बिजली निगम ने लाइन हटाने के लिए करीब 2.50 लाख रुपए का एस्टीमेट दिया है, जिसके बाद उपभोक्ता ने 15 साल पुरानी अनुमति से जुड़े दस्तावेज मांगे हैं। गांव निवासी जगदीश शर्मा लंबे समय से अपने मकान की छत के ऊपर से गुजर रही इस 11 केवी बिजली लाइन को हटवाने की मांग कर रहे हैं। उनका मकान मुन्नावाली रोड पर एक पेट्रोल पंप के सामने स्थित है। सीएम विंडो पर कर चुके हैं शिकायत यह लाइन बरसात के दिनों में करंट उतरने का खतरा पैदा करती है, जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका बनी हुई है। जगदीश शर्मा इस समस्या के समाधान के लिए कई बार सीएम विंडो के माध्यम से भी शिकायत दर्ज करा चुके हैं। बिजली निगम ने लाइन हटाने के लिए उपभोक्ता को एसआरएस एसओसीसी 78 2023-24 के तहत 2,50,850 रुपए का डिपॉजिट एस्टीमेट जारी किया है।


