सीधी के शासकीय कन्या महाविद्यालय परिसर में 10 फरवरी 2026 को आयोजित ‘युवा संवाद/बजट 2026’ कार्यक्रम को लेकर विवाद गहरा गया है। एनएसयूआई (NSUI) ने इस कार्यक्रम को नियमों के विरुद्ध बताते हुए महाविद्यालय प्रशासन से स्पष्टीकरण और कार्रवाई की मांग की है। एनएसयूआई के प्रदेश सचिव विक्रांत सिंह परिहार ने छात्राओं के साथ मिलकर गुरुवार को एक ज्ञापन सौंपा। उन्होंने आरोप लगाया कि गर्ल्स कॉलेज जैसे संवेदनशील शैक्षणिक संस्थान में किसी राजनीतिक संगठन द्वारा कार्यक्रम आयोजित करने के लिए पूर्व लिखित अनुमति और स्पष्ट प्रशासनिक प्रक्रिया अनिवार्य है, जिसका पालन नहीं किया गया। कार्यक्रम के दस्तावेज सार्वजनिक करने की मांग परिहार ने यह भी आरोप लगाया कि कार्यक्रम के लिए न तो विधिवत अनुमति ली गई और न ही बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश एवं छात्राओं की सुरक्षा को लेकर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी की गईं। उन्होंने प्रशासन से कार्यक्रम की अनुमति/आदेश की प्रति, आवेदन व पत्राचार, बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश रजिस्टर, पुलिस प्रशासन को दी गई सूचना, सुरक्षा व्यवस्था का विवरण और कार्यक्रम की जिम्मेदारी तय करने संबंधी दस्तावेज सार्वजनिक करने की मांग की है। प्रिंसिपल ने दी सफाई मामले के तूल पकड़ने के बाद कन्या महाविद्यालय की प्राचार्य ओपी नामदेव ने अपनी सफाई दी है। प्राचार्य नामदेव ने बताया कि उन्हें यह जानकारी नहीं थी कि कार्यक्रम भाजपा युवा मोर्चा (BJYM) से संबंधित है। उनके अनुसार, 9 फरवरी की शाम को उन्हें मौखिक रूप से बताया गया था कि यह सीधी विधायक रीति पाठक का कार्यक्रम है। इसी आधार पर उन्होंने मौखिक अनुमति दी थी, जबकि लिखित रूप से कोई अनुमति जारी नहीं की गई थी। प्राचार्य ने स्पष्ट किया कि उन्हें कार्यक्रम के किसी पार्टी विशेष से संबंधित होने की जानकारी नहीं थी।


