धर्मनगरी अयोध्या में एक बार फिर मीट सप्लाई को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन के पास ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनी के कर्मचारियों के साथ अभद्रता का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सोमवार को तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में कुछ युवक मीट की सप्लाई किए जाने को लेकर नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। आरोप है कि ऑनलाइन फूड डिलीवरी कंपनियों के माध्यम से नॉनवेज खाद्य सामग्री की आपूर्ति की जा रही थी, जिसका स्थानीय लोगों ने विरोध किया। यह घटना अयोध्या धाम रेलवे स्टेशन परिसर में हुई बताई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि अयोध्या धाम में पहले ही नॉनवेज की ऑनलाइन आपूर्ति पर रोक लगाई जा चुकी है। इस नियम के उल्लंघन के कारण ही यह विवाद उत्पन्न हुआ। सहायक खाद्य आयुक्त मानिकचंद ने बताया कि इस पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। यदि किसी होटल या रेस्टोरेंट की ओर से ऑनलाइन प्रक्रिया के तहत नॉनवेज की आपूर्ति की गई है, तो उस पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ की गई कार्रवाई नजीर बनेगी।


