प्रयागराज के गंगापार इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। सरायइनायत थाना क्षेत्र के वारी ग्रामसभा के पट्टी छींट गांव में एक पति ने अपनी पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। शुरुआती जानकारी में घटना की वजह घरेलू विवाद बताई जा रही है।
32 साल की संगीता देवी के रूप में हुई पहचान
मृतका की पहचान 32 साल की संगीता देवी के रूप में हुई है। उनके पति शैलेश पेंटिंग का काम करते हैं। संगीता के दो बेटे हैं सबसे बड़ा बेटा शिवम और छोटा बेटा सिद्धार्थ। यह घटना बीती रात घर के अंदर ही हुई। बुधवार सुबह जब पड़ोस में रहने वाली एक महिला उन्हें बुलाने गई, तो अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। शक होने पर जब पास जाकर देखा, तो संगीता मृत हालत में पड़ी थीं। यह देख गांव में हड़कंप मच गया।
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका का मायका फूलपुर थाना क्षेत्र के शेखपुर गांव में है। घटना की जानकारी मिलते ही उनके परिवार वाले भी मौके पर पहुंच गए।
घटना के बाद आरोपी पति फरार हो गया था, लेकिन पुलिस ने मोबाइल लोकेशन के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया। मृतका के भाई ने थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।


