अमेठी में रेलवे स्टेशन के बाहर और संग्रामपुर में लगी एक विवादित होर्डिंग ने सियासी माहौल गर्म कर दिया है। इस होर्डिंग में समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव की तुलना पाकिस्तान के ल्यारी शहर के रहमान डकैत से की गई है, जिससे क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है। होर्डिंग पर लिखा है, “आपको क्या चाहिए धुरंधर काम या अखिलेश का ल्यारी राज।” इस संदेश में पाकिस्तान के कराची स्थित ल्यारी इलाके का जिक्र है, जो कभी गैंगवार और हिंसा के लिए कुख्यात रहा है। हाल ही में रिलीज हुई फिल्म “धुरंधर” में भी इस इलाके का उल्लेख किया गया है। होर्डिंग में अखिलेश यादव के कार्यकाल पर निशाना साधते हुए उस दौरान हुई हिंसा और दंगों का जिक्र किया गया है। वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में अपराधियों और माफियाओं के खिलाफ की गई कार्रवाई को प्रमुखता से दर्शाया गया है। यह विवादित होर्डिंग ‘यूथ अगेंस्ट माफिया’ नामक संगठन द्वारा लगाई गई है। होर्डिंग पर संगठन के पदाधिकारियों के नाम और फोटो भी लगे हैं। 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले इस तरह की राजनीतिक होर्डिंग लगाए जाने से अमेठी में सियासी हलचल तेज हो गई है। फिलहाल, इस मामले पर किसी बड़े नेता की आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन स्थानीय स्तर पर इसे लेकर चर्चाओं का दौर जारी है।


