सिद्धार्थनगर में ईंधन वितरण में आ रही दिक्कतों के बीच प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन के अनुमोदन के बाद तीन पेट्रोल पंपों का अनुबंध तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। जिला पूर्ति अधिकारी देवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि वर्तमान परिस्थितियों में ईंधन की उपलब्धता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। इसके बावजूद, जनपद के तीन पेट्रोल पंप—मे० किसान सेवा केन्द्र हरिजोत इटवा, मे० सावित्री देवी बेचन लाल, सेखुई डुमरियागंज तथा मे० अवध किसान सेवा केन्द्र मस्जिदिया इटवा—द्वारा पिछले दो सप्ताह से अधिक समय से पेट्रोल और डीजल का उठान नहीं किया जा रहा था। उन्होंने जानकारी दी कि इन पंप संचालकों को कई बार लिखित और मौखिक निर्देश दिए गए थे कि वे तत्काल ईंधन का उठान कर वितरण सुनिश्चित करें। इन निर्देशों के बावजूद कोई अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई, जिसके कारण संबंधित क्षेत्रों में उपभोक्ताओं को पेट्रोल और डीजल मिलने में काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था।
जिला पूर्ति अधिकारी के अनुसार, इस स्थिति से न केवल आमजन प्रभावित हुए, बल्कि अफवाहों को भी बढ़ावा मिला, जिससे व्यवस्था पर प्रतिकूल असर पड़ा। इसे गंभीर उल्लंघन मानते हुए “उत्तर प्रदेश हाई स्पीड डीजल आयल (सम्भरण बनाये रखना एवं वितरण) आदेश 1981 (यथा संशोधित)” के तहत कार्रवाई की गई है। जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जीएन ने स्पष्ट किया कि आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


