मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में तीन से चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना उस समय हुई जब एक तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक के चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित कंटेनर ने कई गाड़ियों को जोरदार टक्कर मारी और बाद में एक इनोवा कार पर जाकर पलट गया। इस टक्कर की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इनोवा कार कंटेनर के नीचे पूरी तरह दब गई।
कैसे हुआ हादसा?
मिली जानकारी के मुताबिक, आज सुबह करीब 10 बजे खोपोली में मुंबई की ओर जाने वाली लेन पर एक तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक अचानक अनियंत्रित हो गया। नियंत्रण खोने के बाद कंटेनर ने सड़क पर चल रहे कई वाहनों को टक्कर मार दी। इसके बाद कंटेनर एक इनोवा कार पर पलट गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इनोवा में सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस दुर्घटना में कुल पांच वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं।
इनोवा कार हुई चकनाचूर, 3 दबे
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कंटेनर इतनी तेज गति में था कि चालक उसे संभाल नहीं पाया और उसने आगे चल रहे वाहनों को रौंदना शुरू कर दिया। बेकाबू कंटेनर बाईं ओर मुड़कर सीधे एक इनोवा कार पर जा गिरा, जिससे कार में सवार तीन लोगों की दबने की वजह से घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
इस दुर्घटना से एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। हादसे के तुरंत बाद बचाव कार्य शुरू किया गया। कंटेनर के नीचे दबी कार से शवों को निकालने के लिए क्रेन की मदद ली गई। घायल हुए 3 से 4 लोगों को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत नाजुक बताई जा रही है।
क्रेन की मदद से निकाला गया शव
पुलिस ने इस मामले में मृतकों की पहचान कर ली है, जिनके नाम अंबादास दामू पेटारे, श्रीकांत अनंत जाधव और प्रमोद संतोष पवार हैं। खोपोली पुलिस स्टेशन में कंटेनर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
इस दुर्घटना के कारण एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया था। हालांकि, पुलिस और प्रशासन की तत्परता से स्थिति को जल्द ही नियंत्रण में लाया गया और ट्रैफिक दोबारा शुरू किया गया। पुलिस ने हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।


