मंडला जिले के बीजाडांडी थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात नेशनल हाईवे-30 पर राधाकृष्ण मंदिर के पास एक कंटेनर बेकाबू होकर पलट गया। इस दुर्घटना में कोई गंभीर जनहानि नहीं हुई, हालांकि सड़क किनारे लब्बू बैरागी की एक टपरिया पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घटना के समय टपरिया में कोई मौजूद नहीं था। दुर्घटना के बाद आसपास के लोग और पत्रकार राहुल सिसोदिया मौके पर पहुंचे। वे कंटेनर में फंसे चालक और परिचालक को बाहर निकालने का प्रयास कर रहे थे। इसी दौरान, पीछे से आ रहा एक अन्य तेज रफ्तार ट्रक पलटे हुए कंटेनर से टकरा गया। इस टक्कर से दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। मौके पर मौजूद लोग सुरक्षित बच गए। कंटेनर के चालक और परिचालक को मामूली चोटें आईं, जिन्हें उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। हादसे के कारण हाईवे पर जाम लगने लगा। बीजाडांडी पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर यातायात सुचारु करने के लिए क्षतिग्रस्त वाहनों को किनारे कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। घटना की अन्य तस्वीरें…


