कॉन्स्टेबल ने 12 साल की बच्ची की जान बचाई:बच्ची को गिरते ही ट्रेन के नीचे जाने से बचाया

कॉन्स्टेबल ने 12 साल की बच्ची की जान बचाई:बच्ची को गिरते ही ट्रेन के नीचे जाने से बचाया

सवाई माधोपुर के गंगापुर सिटी रेलवे स्टेशन पर एक कॉन्स्टेबल की सतर्कता और सजगता के चलते एक 12 साल की बच्ची की जान बच गई और एक बड़ा हादसा टल गया। कॉन्स्टेबल ने बिना समय गंवाए बचाई जान दरअसल, गंगापुर सिटी के रेलवे स्टेशन पर रविवार को ट्रेन संख्या 19019 के कोच S-1 में 12 वर्षीय बालिका आराध्या यात्रा कर रही थी। इसी दौरान ट्रेन में चढ़ते समय अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह चलती ट्रेन के बीच गिरने लगी। यह देखकर मौके पर मौजूद लोगों की सांसें थम गईं और अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात कॉन्स्टेबल रामकेश मीणा ने साहस और सतर्कता का परिचय देते हुए बच्ची की ओर छलांग लगा दी और बिना एक पल गंवाए अपनी जान की परवाह किए बिना आराध्या को पकड़कर प्लेटफॉर्म की ओर खींच लिया। इस दौरान कॉन्स्टेबल खुद भी गिर पड़ा, लेकिन उसने बच्ची का हाथ नहीं छोड़ा और उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना कुछ ही सेकंड में घटी, लेकिन कॉन्स्टेबल की सूझबूझ और फुर्ती से एक बड़ी दुर्घटना टल गई। घटना स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है, जिसका सोमवार को वीडियो सामने आया है। वीडियो सामने आने के बाद लोग कॉन्स्टेबल के साहस की सराहना कर रहे हैं।घटना के बाद बच्ची को प्राथमिक जांच और उपचार उपलब्ध कराया गया। फिलहाल बच्ची पुरी तरह से सुरक्षित है। वहीं कॉन्स्टेबल रामकेश मीणा को भी हल्की चोटें आईं, लेकिन उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *