कानपुर में टूटी और गड्ढेदार सड़कों के विरोध में कांग्रेस ने अनोखा प्रदर्शन किया। जूही डिपो चौराहे पर महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने सड़क पर खड़े होकर प्रतीकात्मक श्रद्धांजलि दी। प्रदर्शन के दौरान टूटी सड़क पर कफन, फूल, अगरबत्ती और दीपक जलाए। रामधुन गाते हुए लोगों ने शासन, प्रशासन, नगर निगम और पीडब्ल्यूडी के खिलाफ नाराजगी जताई। बड़ी संख्या में महिलाएं भी इस प्रदर्शन में शामिल हुईं और जमकर नारेबाजी की गई।
महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता ने कहा कि कानपुर की खराब सड़कों से आम जनता बहुत परेशान है। त्योहार और परीक्षाएं हैं, प्रशासन को फर्क नहीं पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि खासकर कानपुर दक्षिण के जूही, बर्रा, फजलगंज, ट्रांसपोर्ट नगर, किदवई नगर, यशोदा नगर, नौबस्ता, जाजमऊ, लालबंगला और विष्णुपुरी समेत कई इलाकों की हालत बेहद खराब है।
उन्होंने आरोप लगाया कि जब कोई वीआईपी दौरा होता है तो केवल उनके रूट की सड़कें ठीक कर दी जाती हैं, जबकि बाकी शहर की हालत जस की तस रहती है। टूटी सड़कों की वजह से आए दिन लोग गिरकर घायल हो रहे हैं और वाहनों को भी नुकसान पहुंच रहा है। इसकी वजह से लोगो को अपने वाहन की बार-बार मरम्मत करानी पड़ती है।
पवन गुप्ता ने कहा कि कानपुर के लोग सबसे ज्यादा टैक्स देते हैं, लेकिन उन्हें अच्छी सड़कें तक नहीं मिल रही हैं। स्मार्ट सिटी का वादा किया गया था,। कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि होली, रमजान और परीक्षाओं के समय खराब सड़कों की वजह से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।
प्रदर्शन में हरीश बाजपेई, नरेश पाठक, डॉ. संतोष त्रिपाठी, रामस्वरूप तिवारी, आनंद शुक्ला, मोहित दीक्षित, कमलाकांत तिवारी, अजय तिवारी, रमाकांत मिश्रा, राजेश गौतम, सुरेंद्र भदौरिया, अखिल गुप्ता, राज किशोर वर्मा, अजय सिंह, मनोज अवस्थी, मुकेश दुबे, शिवबालक दुबे, रुक्मा देवी, मो. अजीम, अश्वनी शर्मा, धर्मेंद्र चौहान, राकेश साहू, विजय त्रिवेदी, रमेश चंद्र दीक्षित सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।


