फ्लाईओवर के रुके काम को लेकर कांग्रेस की जनाधिकार यात्रा:विधायक बोले- 186 करोड़ का फ्लाईओवर सरकार बदलते ही अटका, स्मार्टमीटर में भी धांधली

फ्लाईओवर के रुके काम को लेकर कांग्रेस की जनाधिकार यात्रा:विधायक बोले- 186 करोड़ का फ्लाईओवर सरकार बदलते ही अटका, स्मार्टमीटर में भी धांधली

स्मार्ट सिटी के नाम पर करोड़ों रुपए खर्च करने के सरकारी दावों के बीच शनिवार को जबलपुर की सड़कों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की नाराजगी साफ नजर आई। पूर्व विधानसभा क्षेत्र में फ्लाईओवर निर्माण में हो रही देरी और लगातार बिजली कटौती के विरोध में जनअधिकार यात्रा निकाली गई। यात्रा का नेतृत्व पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं कांग्रेस विधायक लखन घनघोरिया ने किया। यह यात्रा अब्दुल हमीद चौक (रद्दी चौकी) से शुरू होकर अंबेडकर चौक (तहसीली चौक) तक पहुंची, जहां लोगों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बड़ी संख्या में आमजन, अधिवक्ता और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल जनअधिकार यात्रा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और अधिवक्ता भी शामिल हुए। यात्रा के दौरान लोगों ने फ्लाईओवर निर्माण में हो रही देरी और बिजली संकट को लेकर सरकार पर सवाल उठाए। जगह-जगह लोगों ने विधायक का समर्थन करते हुए कहा कि रोजमर्रा की समस्याओं से आम जनता परेशान है, लेकिन सरकार ध्यान नहीं दे रही। 186 करोड़ का फ्लाईओवर प्रस्ताव सरकार बदलते ही अटका सभा को संबोधित करते हुए लखन घनघोरिया ने कहा कि कांग्रेस सरकार के 14 माह के कार्यकाल में रद्दी चौकी से तहसीली चौक तक फ्लाईओवर निर्माण का प्रस्ताव स्वीकृत किया गया था। इस परियोजना की लागत करीब 186 करोड़ रुपए थी और इसे सरकार को भेजा गया था। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार बदलते ही यह प्रस्ताव भोपाल में स्थायी समिति के पास लंबित कर दिया गया और आज तक उस पर कोई निर्णय नहीं लिया गया। भाजपा नेताओं के दबाव में रोका गया निर्माण कांग्रेस विधायक ने आरोप लगाया कि भाजपा के कुछ नेताओं और मंत्रियों के दबाव में जानबूझकर पूर्व विधानसभा क्षेत्र में फ्लाईओवर निर्माण रोका जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह मार्ग जबलपुर का सबसे व्यस्त इलाका है, जहां से प्रतिदिन लाखों लोग आवागमन करते हैं। भारी ट्रैफिक के कारण लोगों को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ता है। कई बार यातायात अव्यवस्था के चलते यात्रियों की ट्रेन तक छूट जाती है, लेकिन सरकार इस गंभीर समस्या पर कोई ठोस कदम नहीं उठा रही। स्मार्ट मीटर और बिजली कटौती से आमजन त्रस्त लखन घनघोरिया ने बिजली व्यवस्था पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि पूर्व विधानसभा क्षेत्र में मजदूर वर्ग की बड़ी आबादी रहती है, जो रोज मेहनत-मजदूरी कर अपना जीवन यापन करती है। स्मार्ट मीटर लगाए जाने के बाद लोगों को अत्यधिक बिजली बिल भेजे जा रहे हैं, जिन्हें चुकाना उनके लिए मुश्किल हो गया है। कई इलाकों में सुबह से शाम तक बिजली गुल रहती है, जिससे बच्चों की पढ़ाई, छोटे कारोबार और घरेलू कामकाज प्रभावित हो रहे हैं। लोक निर्माण मंत्री जबलपुर से, फिर भी क्षेत्र की उपेक्षा विधायक घनघोरिया ने कहा कि प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री जबलपुर से ही हैं, ऐसे में उनसे निष्पक्षता की उम्मीद की जाती है। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर पूर्व विधानसभा क्षेत्र के साथ ही भेदभाव क्यों किया जा रहा है। उन्होंने मांग की कि फ्लाईओवर निर्माण कार्य जल्द शुरू कराया जाए और बिजली व्यवस्था में तत्काल सुधार किया जाए। अधिवक्ताओं का समर्थन, आंदोलन और तेज करने के संकेत जनअधिकार न्याय पदयात्रा को जबलपुर के अधिवक्ताओं का भी समर्थन मिला। अधिवक्ताओं ने क्षेत्र की समस्याओं को गंभीर बताते हुए विधायक से संघर्ष तेज करने का आग्रह किया। यात्रा के अंत में विधायक ने कहा कि यदि सरकार ने जल्द समाधान नहीं किया तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *