निवाड़ी में कांग्रेस ने मध्य प्रदेश में बढ़ती महंगाई और आवश्यक संसाधनों की कमी के विरोध में प्रदर्शन किया। मंगलवार को कार्यकर्ताओं ने गैस सिलेंडर की विधि-विधान से पूजा कर अपने धरने की शुरुआत की। यह प्रदर्शन बिजली की बढ़ी दरों, गैस की कमी और पेट्रोल-डीजल के संकट को लेकर किया गया। मांगों को लेकर की नारेबाजी निवाड़ी जिला मुख्यालय पर मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पहले सिलेंडर को फूलों की माला पहनाई और फिर अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी की। सरकार की नीतियों पर उठाए सवाल कांग्रेसियों ने आरोप लगाया कि प्रदेश में बिजली के बढ़ते दामों ने आम जनता को प्रभावित किया है। इसके साथ ही, गैस सिलेंडर की किल्लत और कीमतों में बढ़ोतरी ने रसोई का बजट बिगाड़ दिया है। उन्होंने पेट्रोल-डीजल की कमी को लेकर भी सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। धरना प्रदर्शन के बाद, कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने एसडीएम कार्यालय पहुंचकर डिप्टी कलेक्टर स्वाति सिंह को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने समस्याओं के जल्द समाधान की मांग की। कार्रवाई न होने पर आंदोलन की दी चेतावनी कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि इन समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया, तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। इस दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मनोहर सिंह यादव, नरेंद्र खरे, पूर्व राज्यमंत्री दर्जा नंदराम कुशवाहा, आसाराम कुशवाहा, प्रदीप यादव, रमेश निराला, बलवीर कमरिया, अनूप बड़ौनिया, मनोज दांगी सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में ब्लॉक अध्यक्ष निवाड़ी दीपक बरार, ब्लॉक अध्यक्ष ओरछा राकेश अहिरवार, नगर अध्यक्ष रवि दांगी, महिला कांग्रेस की आनंदी पाल, मीना श्रीवास्तव, रिचा मिश्रा और युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष अंकित आर्य सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।


