कांग्रेस पार्टी ने संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को जबलपुर ग्रामीण की चारों विधानसभाओं के लिए एक संयुक्त कार्यशाला का आयोजन किया। यह कार्यशाला ‘संगठन सृजन अभियान’ के अंतर्गत आयोजित की गई, जिसमें सभी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष और मंडलम प्रभारी उपस्थित रहे। कार्यशाला के दौरान पार्टी के संविधान, विचारधारा, अनुशासन और एक सक्षम तथा प्रभावी नेतृत्व विकसित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रशिक्षण शिविर से आए वरिष्ठ नेता महेंद्र जोशी, पूर्व मंत्री तरुण भनोत और जिला कांग्रेस प्रभारी चंदन यादव ने कार्यकर्ताओं को एक दिवसीय प्रशिक्षण दिया। उन्होंने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। मनरेगा बचाओ संग्राम अभियान पर विशेष चर्चा इस दौरान पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी द्वारा निर्देशित ‘मनरेगा बचाओ संग्राम अभियान’ पर भी विशेष चर्चा हुई। कार्यशाला मुख्य रूप से दो प्रमुख बिंदुओं पर केंद्रित रही: पहला, आगामी 15 से 20 दिनों में पंचायत कांग्रेस कमेटियों के गठन की प्रक्रिया को पूरा करना; और दूसरा, मनरेगा बचाओ संग्राम अभियान के तहत उठाए जाने वाले मुद्दों और कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाना। कार्यकर्ताओं को इन कार्यों की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी ताकि संगठन पूरी तरह से क्रियाशील हो सके। नेताओं ने कहा कि वर्तमान बजट में किसानों और आम जनता के हितों की अनदेखी की गई है, जिसे लेकर कांग्रेस पार्टी जनता के बीच जाएगी। जबलपुर में पेयजल संकट को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए जा रहे आंदोलनों का भी उल्लेख किया और बताया कि नगर निगम में इस विषय पर कोई ठोस चर्चा न होने के कारण पार्टी लगातार प्रदर्शन कर रही है। यह संघर्ष जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर निरंतर जारी रहेगा। कार्यशाला में यह भी स्पष्ट किया गया कि संगठनात्मक मजबूती के साथ-साथ समय-समय पर जनहित के मुद्दों पर आंदोलन किए जाएंगे। पार्टी नेतृत्व ने विश्वास जताया कि आगामी डेढ़ महीने के भीतर, लगभग 15 मार्च तक, संगठन की संपूर्ण संरचना को मजबूत और सक्रिय रूप में खड़ा कर लिया जाएगा और आगे भी विभिन्न जनहित के विषयों पर निरंतर संघर्ष जारी रहेगा।


