डिंडोरी में कांग्रेस विधायक ओमकार मरकाम ने सोमवार को अपने समर्थकों के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचकर राष्ट्रपति और राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन सौंपा। यह ज्ञापन मनरेगा के तहत लंबित 42 करोड़ 27 लाख 74 हजार रुपये की मजदूरी के भुगतान की मांग को लेकर अपर कलेक्टर जे.पी. यादव को दिया गया। विधायक ने बताया कि नवंबर 2023 से अब तक मनरेगा मजदूरों को भुगतान नहीं किया गया है। समय पर मजदूरी न मिलने के कारण जिले के ग्रामीण अंचलों से लगातार पलायन हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि इस समय गांवों में मेले और मड़ई लग रहे हैं, और 15 फरवरी को महाशिवरात्रि का पर्व है, लेकिन मजदूरी न मिलने से ग्रामीण इन आयोजनों में शामिल नहीं हो पा रहे हैं। विभिन्न जनपदों में बकाया मजदूरी का विवरण इस प्रकार है: अमरपुर जनपद में 5 करोड़ 10 लाख 91 हजार रुपये, बजाग में 4 करोड़ 85 लाख 29 हजार रुपये, डिंडोरी में 11 करोड़ 36 लाख 6 हजार रुपये, करंजिया में 3 करोड़ 24 लाख 32 हजार रुपये, मेहदवानी में 6 करोड़ 21 लाख 8 हजार रुपये, समनापुर में 6 करोड़ 13 लाख 4 हजार रुपये और शहपुरा में 5 करोड़ 36 लाख 79 हजार रुपये बकाया हैं। इसके अतिरिक्त, जल संसाधन विभाग में भी 0.25 लाख रुपये का मजदूरी भुगतान लंबित है। विधायक मरकाम ने बताया कि जिले में 1 लाख 94 हजार 24 जॉब कार्ड धारक सक्रिय हैं। हालांकि, 1 अप्रैल से 31 मार्च तक की अवधि में केवल 2 हजार 372 लोगों को ही 100 दिन का रोजगार उपलब्ध कराया जा सका है, जबकि योजना में सभी पात्र व्यक्तियों को 100 दिन का रोजगार देने का प्रावधान है। कांग्रेस विधायक ने चेतावनी दी है कि यदि 12 फरवरी तक लंबित मजदूरी का भुगतान नहीं किया जाता है, तो 13 फरवरी को जिला मुख्यालय में प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।


