जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से बुधवार को ओछड़ी स्थित भाजपा कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया गया। बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला जलाकर अपना विरोध जताया। यह प्रदर्शन दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट से जुड़े नेशनल हेराल्ड मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आए ताजा घटनाक्रम के बाद किया गया। कांग्रेस नेताओं का कहना था कि यह प्रदर्शन न्याय के समर्थन और लोकतांत्रिक संस्थाओं के दुरुपयोग के विरोध में आयोजित किया गया, ताकि आम जनता तक पार्टी का पक्ष साफ और स्पष्ट रूप से पहुंचाया जा सके। पुतला दहन कर मोदी सरकार और ईडी के खिलाफ नारेबाजी प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर केंद्र सरकार और प्रवर्तन निदेशालय के खिलाफ नारे लगाए। कार्यकर्ताओं का आरोप था कि ईडी का इस्तेमाल राजनीतिक दबाव बनाने के लिए किया जा रहा है। पुतला दहन के साथ ही कांग्रेस ने यह संदेश देने की कोशिश की कि वह डरने वाली नहीं है और सड़कों पर उतरकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखती रहेगी। प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा, हालांकि माहौल में जोश और नारों की गूंज साफ सुनाई दी। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह प्रोग्राम प्रदेश और देशभर में दिए गए आह्वान के तहत किया गया। जिलाध्यक्ष प्रमोद सिसोदिया ने अदालत के फैसले का स्वागत किया जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष प्रमोद सिसोदिया ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय नेताओं राहुल गांधी और सोनिया गांधी के खिलाफ ईडी द्वारा दायर शिकायत को अदालत ने खारिज कर दिया है। उन्होंने बताया कि अदालत ने माना है कि ईडी की ओर से की गई कार्रवाई का ठोस आधार नहीं था। इसी फैसले के समर्थन में और ईडी की कार्रवाई के विरोध में यह प्रदर्शन किया गया। सिसोदिया ने कहा कि शॉर्ट नोटिस पर भी बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे, जो यह दर्शाता है कि कांग्रेस कार्यकर्ता अपने नेताओं के साथ मजबूती से खड़े हैं। राउज एवेन्यू कोर्ट ने ईडी की चार्जशीट खारिज बताई उन्होंने कहा कि दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने टिप्पणी करते हुए कहा कि ईडी द्वारा दायर आरोप पत्र आधारहीन है, क्योंकि यह किसी प्राथमिकी पर नहीं बल्कि एक निजी शिकायत पर आधारित है। अदालत ने स्पष्ट किया कि बिना एफआईआर के इस तरह की कार्रवाई उचित नहीं मानी जा सकती। कोर्ट ने यह भी कहा कि मामले में अभी दिल्ली आर्थिक अपराध शाखा से जुड़ी स्थिति स्पष्ट होनी बाकी है, इसलिए ईडी के बयान पर तुरंत फैसले देना जल्दबाजी होगी। हालांकि अदालत ने यह भी कहा कि ईडी आगे जांच जारी रख सकती है। कांग्रेस ने कहा राजनीतिक बदले की भावना से कार्रवाई हुई थी कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार राजनीतिक बदले की भावना से विपक्षी नेताओं को निशाना बना रही है। पार्टी का कहना है कि जब-जब चुनाव या राजनीतिक दबाव बढ़ता है, तब-तब जांच एजेंसियों का इस्तेमाल किया जाता है। कांग्रेस ने अदालत के फैसले को सत्य की जीत बताया और कहा कि इससे साफ हो गया है कि उनके नेताओं के खिलाफ लगाए गए आरोप टिकाऊ नहीं थे। पार्टी ने ऐलान किया कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए आगे भी ऐसे विरोध और आंदोलन जारी रहेंगे।


