रायपुर वार्ड अध्यक्षों की सूची को लेकर कांग्रेस संगठन के भीतर चल रहे विवाद के बाद वार्ड अध्यक्षों की संशोधित सूची जारी कर दी गई है। 19 नामों में बदलाव करते हुए नई सूची जारी की गई, जिसे अब आधिकारिक मंजूरी भी मिल गई है। कांग्रेस संगठन महामंत्री मलकीत सिंह गेंदू ने आदेश जारी कर सभी नियुक्तियों को अनुमोदित कर दिया है। इसके साथ ही रायपुर शहर कांग्रेस अध्यक्ष द्वारा की गई नियुक्तियों को भी हरी झंडी मिल गई है। इससे पहले बिना अनुमोदन के जारी की गई सूची को निरस्त कर दिया गया था, जिसके बाद संगठन के भीतर असमंजस और खींचतान की स्थिति बन गई थी।
पहली सूची को लेकर हुआ था विवाद पीसीसी चीफ दीपक बैज ने सभी जिलाध्यक्षों को बूथ स्तर से लेकर जिला कांग्रेस कमेटी की नई कार्यकारिणी 15 अप्रैल तक गठित करने के निर्देश दिए थे। इसी दौरान रायपुर शहर कांग्रेस ने 66 वार्ड अध्यक्षों की सूची जारी कर दी थी, लेकिन कुछ ही घंटों के भीतर पीसीसी ने इस सूची को निरस्त कर दिया था। पीसीसी की ओर से स्पष्ट किया गया था कि वार्ड अध्यक्ष और कार्यकारी अध्यक्षों की सूची जारी करने से पहले आवश्यक अनुमोदन नहीं लिया गया था, इसलिए इसे अवैधानिक माना गया। नियुक्तियों को लेकर जताई गई थी नाराजगी दरअसल, इससे पहले हुई समीक्षा बैठक में कार्यकारिणी और वार्ड अध्यक्षों की नियुक्ति में देरी को लेकर नाराजगी जताई गई थी। इसी के बाद शहर कांग्रेस ने जल्दबाजी में सूची जारी कर दी थी। हालांकि, सूची जारी होते ही इस पर आपत्ति दर्ज की गई और पीसीसी ने तत्काल प्रभाव से उसे खारिज कर दिया था, जिससे संगठन के भीतर विवाद और गहरा गया था। अब स्थिति साफ नई सूची में 19 नामों में बदलाव के बाद संगठन ने संतुलन बनाने की कोशिश की है। आधिकारिक अनुमोदन मिलने के बाद अब इस विवाद पर विराम लगने की संभावना जताई जा रही है।


