कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व कोयला मंत्री श्रीप्रकाश जायसवाल का निधन हो गया। वे 81 साल के थे। जायसवाल लंबे समय से बीमार चल रहे थे। शुक्रवार शाम अचानक तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उन्हें कानपुर के कार्डियोलॉजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वे हार्ट की बीमारी से परेशान थे श्रीप्रकाश के निधन की पुष्टि कांग्रेस महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता ने की। पूर्व मंत्री का पार्थिव शरीर लालबंगला पोखरपुर स्थित आवास पर लाया गया है। निधन की खबर पाकर लोग उनके आवास पहुंच रहे हैं। श्री प्रकाश जायसवाल की निधन की खबर मिलने पर कल होने वाले नगर निगम के सदन को स्थगित कर दिया गया है। कांग्रेस महानगर अध्यक्ष पवन गुप्ता ने बताया- शुक्रवार शाम श्रीप्रकाश जायसवाल की अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। उन्हें किदवई नगर स्थित नर्सिंग होम लाया गया था। यहां से कार्डियोलॉजी अस्पताल रेफर कर दिया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले उनकी मौत हो चुकी थी। श्रीप्रकाश जायसवाल यूपी में कानपुर लोकसभा क्षेत्र से 3 बार सांसद रहे। 2009 से 2014 के बीच वह केंद्रीय कोयला मंत्री थे, जबकि 2004 से 2009 तक गृह राज्यमंत्री रहे। पल-पल की अपडेट के लिए नीचे लाइव ब्लॉग से गुजर जाइए…
कांग्रेस नेता श्रीप्रकाश जायसवाल का निधन:81 साल के थे, मेयर से कोयला-गृह राज्य मंत्री तक रहे; कानपुर में ली अंतिम सांस


