शहर में आयोजित की जा रही ‘सनातन प्रीमियर लीग’ को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। कांग्रेस नेता राकेश सिंह यादव ने इस आयोजन पर रोक लगाने की मांग करते हुए पुलिस कमिश्नर को पत्र लिखा है। उनका कहना है कि क्रिकेट जैसे खेल को धर्म से जोड़ना राष्ट्रीय खेल नीति और संविधान की भावना के खिलाफ है। राकेश सिंह यादव ने अपने पत्र में कहा कि खेल समाज को जोड़ने का माध्यम होता है, न कि उसे धर्म के आधार पर बांटने का। उन्होंने आशंका जताई कि ‘सनातनी क्रिकेट लीग’ जैसे आयोजनों से समाज में धार्मिक आधार पर विभाजन की भावना पैदा हो सकती है, जो सामाजिक सौहार्द के लिए ठीक नहीं है। यादव ने अपने पत्र में पुलिस प्रशासन से आग्रह किया है कि इस आयोजन की प्रकृति और उद्देश्य की जांच की जाए और यदि यह कार्यक्रम किसी भी प्रकार से धार्मिक आधार पर लोगों को बांटने का प्रयास करता है तो इसे तत्काल प्रभाव से रोका जाए। बता दें कि इंदौर में गुरुवार से ‘सनातन प्रीमियर लीग’ का चार दिवसीय आयोजन किया जा रहा है, जिसमें कई स्थानीय टीमें हिस्सा ले रही हैं।
आयोजन को लेकर शहर में चर्चा का माहौल है। वहीं कांग्रेस की ओर से उठाई गई आपत्ति के बाद यह मामला अब प्रशासन के संज्ञान में आ गया है। फिलहाल पुलिस प्रशासन की ओर से इस मामले में अभी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
हालांकि पत्र मिलने के बाद प्रशासन आयोजन से जुड़े पहलुओं की जानकारी जुटा रहा है। इधर, राजनीतिक हलकों में भी इस मुद्दे को लेकर बहस शुरू हो गई है। कांग्रेस जहां इसे संविधान और राष्ट्रीय खेल नीति के विपरीत बता रही है, वहीं आयोजन से जुड़े लोग इसे सांस्कृतिक पहचान से जोड़कर देख रहे हैं। आने वाले दिनों में प्रशासन के रुख पर सभी की नजर बनी हुई है। मध्यप्रदेश एएमजी टीम की एकतरफा जीत
इधर, खेल, संस्कृति और सनातन मूल्यों के साथ सनातन प्रीमियर लीग (एसपीएल) के पहले दिन रोमांचक मुकाबले खेले गए। पहले दिन चार मुकाबले खेले गए, जिसमें मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान और गुजरात की टीमों ने जीत दर्ज की। मध्यप्रदेश एएमजी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दिल्ली आईपीके को 10 विकेट से पराजित किया। दिल्ली टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। दिल्ली ने 10 ओवर में 54 रन बनाए। जवाब में मध्यप्रदेश ने 55 रन बनाते हुए मैच अपने नाम किया। दूसरे मैच में महाराष्ट्र सीएसडब्ल्यू ने साउथ डीसीआर को 7 रन से मात दी। तीसरे मैच में महाराष्ट्र ने पहले खेलते हुए 10 ओवर में बिना विकेट गंवाए 66 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी साउथ टीम 59 रन बना सकी। चौथे मैच में गुजरात एसयूपीएल ने यूपी आरएलएस को 59 रन से शिकस्त दी। गुजरात ने पहले खेलते हुए 10 ओवर में 104 रन बनाए। जवाब में यूपी टीम 45 रनों पर सिमट गई। गुजरात की जीत में प्रशांत ने अहम भूमिका निभाई, जिन्होंने 62 रनों की पारी खेली।


