कोटपूतली में कांग्रेस ने किया प्रदर्शन:गैस की किल्लत और बढ़ती महंगाई का विरोध, कहा- लोगों को नहीं मिल रहा सिलेंडर

कोटपूतली में कांग्रेस ने किया प्रदर्शन:गैस की किल्लत और बढ़ती महंगाई का विरोध, कहा- लोगों को नहीं मिल रहा सिलेंडर

कोटपूतली में अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी विरोध प्रदर्शन के तहत जिला मुख्यालय पर धरना दिया गया। यह प्रदर्शन प्रदेश कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा के निर्देशानुसार और जिलाध्यक्ष इंद्राज गुर्जर की अध्यक्षता में कोटपूतली नगर परिषद के सामने आयोजित किया गया। इसमें केंद्र की भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ मोदी सरकार का पुतला दहन भी किया गया। कांग्रेस नेताओं ने केंद्र सरकार की गलत विदेश नीति के कारण देश में ईंधन और एलपीजी गैस की भारी कमी, घरेलू गैस की कम आपूर्ति, बढ़ती कीमतों, कालाबाजारी और बेतहाशा बढ़ती महंगाई को लेकर विरोध जताया। उन्होंने मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध और बढ़ते अंतरराष्ट्रीय तनाव के बीच रसोई गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी और कॉमर्शियल सिलेंडरों की आपूर्ति प्रभावित होने के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरा। जिलाध्यक्ष इंद्राज गुर्जर ने कहा कि मौजूदा परिस्थितियों में केंद्र की मोदी सरकार देश के हितों की रक्षा करने में विफल रही है, जिसके कारण देश में ईंधन संकट की गंभीर स्थिति पैदा हो रही है। उन्होंने बताया कि हाल ही में घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के दामों में लगभग 60 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है, जिससे आमजन का घरेलू बजट प्रभावित हुआ है। गुर्जर ने आगे कहा कि शादी-विवाह और समारोहों के सीजन में कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की आपूर्ति भी बाधित हो रही है। इससे होटल, कैटरिंग और छोटे व्यापारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व संसदीय सचिव राम स्वरूप कसाणा ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में पहले से ही महंगाई लगातार बढ़ रही है। खाद्य पदार्थों, सब्जियों, पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस सहित रोजमर्रा की जरूरतों की चीजों के दाम लगातार बढ़ रहे हैं, जिससे गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *