कूनो राष्ट्रीय उद्यान में मादा चीता गामिनी ने एक चौथे शावक को जन्म दिया है। केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने सोशल मीडिया के माध्यम से यह जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को चौथे शावक की पुष्टि हुई। मंत्री यादव के अनुसार, शुक्रवार को फील्ड स्टाफ और पशु चिकित्सक दल की गहन निगरानी के दौरान चौथे शावक की उपस्थिति की पुष्टि की गई। वर्तमान में गामिनी और उसके चारों शावक स्वस्थ हैं और सामान्य रूप से विकसित हो रहे हैं। गामिनी ने इससे पहले 18 फरवरी को तीन शावकों को जन्म दिया था। इस नए जन्म के साथ, कूनो राष्ट्रीय उद्यान में चीता पुनर्स्थापन की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है। यह ‘प्रोजेक्ट चीता’ के तहत वैज्ञानिक प्रबंधन और संरक्षण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। ताजा आंकड़ों के अनुसार, भारत में अब चीतों की कुल संख्या बढ़कर 39 हो गई है। इनमें 28 भारत में जन्मे शावक शामिल हैं। कूनो में चीतों की लगातार बढ़ती संख्या को वन्यजीव संरक्षण के क्षेत्र में देश के लिए एक सफलता माना जा रहा है।


