हिसार शहर स्थित जिंदल अस्पताल रोड के नजदीक आईटीआई चौक पर निजी बस के कंडेक्टर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। हिसार सिविल लाइन थाना पुलिस में इसको लेकर एफआईआर दर्ज की गई है। एफआईआर के अनुसार 19 फरवरी दोपहर करीब 1:45 बजे 10-12 युवकों ने बस में चढ़कर परिचालक को नीचे घसीट लिया और डंडों व लोहे की पाइप से हमला कर दिया। हमले में परिचालक को सिर समेत शरीर पर चोटें आईं।
शिकायतकर्ता अमनदीप (27), निवासी गारनपुर कलां, तोशाम (भिवानी), ने बताया कि वह निजी बस पर कंडेक्टर है। बस का रूट हिसार से तोशाम और तोशाम से हिसार है। आरोप है कि सुबह कुछ युवक बस में चढ़े थे और टिकट लेने से मना कर रहे थे। परिचालक ने उनके टिकट काट दिए थे। इसी रंजिश में दोपहर को आईटीआई चौक पर बस रुकते ही युवक दोबारा चढ़े और हमला कर दिया। अस्पताल में भर्ती, तीन जगह चोट लगी
घटना के बाद चालक व सवारियों ने बीच-बचाव कर अमनदीप को छुड़वाया और नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। मेडिकल रिपोर्ट में तीन चोटों की पुष्टि हुई है। डॉक्टर ने घायल को बयान के लिए अनफिट बताया, बाद में फिट होने पर पुलिस ने उसका बयान दर्ज किया। इन धाराओं में केस दर्ज
पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराएं 110, 115, 118(1), 190, 191(2), 191(3) और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले की जांच एएसआई जितेंद्र कुमार को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह युवकों को सामने आने पर पहचान सकता है।


