तीन दिवसीय भारत रिन्यूएबल एक्सपो का समापन:ऊर्जा मंत्री बोले- राजस्थान सोलर एनर्जी के 125 गीगावाट के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा

तीन दिवसीय भारत रिन्यूएबल एक्सपो का समापन:ऊर्जा मंत्री बोले- राजस्थान सोलर एनर्जी के 125 गीगावाट के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा

मानसरोवर स्थित वीटी ग्राउंड पर राजस्थान सोलर एसोसिएशन की ओर से आयोजित तीन दिवसीय भारत रिन्यूएबल एक्सपो का समापन हो गया है। तीन दिन चले इस एक्सपो के दौरान रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर में करीब 3 हजार मेगावाट की क्षमता के लिए लगभग 10 हजार करोड़ रुपये का कारोबार हुआ। एक्सपो में देश-विदेश की रिन्यूएबल एनर्जी से जुड़ी कंपनियों ने अपने उत्पाद, सर्विस, तकनीक और इनोवेशन प्रस्तुत किए।
समापन समारोह में विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी और पूर्व ऊर्जा मंत्री पुष्पेंद्र सिंह राणावत मौजूद रहे। विधानसभा अध्यक्ष ने रिन्यूएबल ओलंपियाड में विजेता यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स को पुरस्कार दिए। एक्सपो के दौरान देश की टॉप 25 कंपनियों में 500 से ज्यादा युवाओं का प्लेसमेंट भी किया गया। पहले दिन एक्सपो में 10 हजार लोगों ने किया विजिट
भारत रिन्यूएबल एक्सपो का उद्घाटन ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने किया था। उद्घाटन समारोह में आरईआरसी चेयरमैन राजेश शर्मा, एक्सपो के ब्रांड एंबेसडर देवेंद्र झाझरिया, आरएसए चेयरमैन सुमन कुमार, प्रेसिडेंट सुनील बंसल और सीईओ नितिन अग्रवाल मौजूद रहे। ऊर्जा मंत्री ने बताया कि राजस्थान सोलर एनर्जी के 125 गीगावाट के लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ रहा है और प्रदेश में सोलर आधारित उद्योगों को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। पहले ही दिन एक्सपो में करीब 10 हजार लोगों ने विजिट किया था। वासुदेव देवनानी ने अपने संबोधन में बताया कि हर घर सोलर योजना को नई तकनीक और नवाचार के साथ आगे बढ़ाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि राजस्थान के सोलर सेक्टर में निवेश की बड़ी संभावनाएं हैं और सरकार की नीतियों से निवेश के लिए अनुकूल माहौल बना है। पूर्व ऊर्जा मंत्री पुष्पेंद्र सिंह राणावत ने बताया कि रिन्यूएबल ऊर्जा सबसे सस्ता ऊर्जा स्रोत है और इस तरह की एक्सपो सेक्टर के लिए उपयोगी साबित होती हैं। इस मौके पर राजस्थान सोलर एसोसिएशन की ओर से प्रदेश में 10 लाख खेजड़ी के पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प भी लिया गया। सीईओ इन्वेस्टमेंट मीट रहा खास आकर्षण एक्सपो के पहले दिन ‘सीईओ इन्वेस्टमेंट मीट’ का आयोजन हुआ, जिसमें प्रमुख सचिव ऊर्जा अजिताभ शर्मा ने देश की 50 से ज्यादा रिन्यूएबल कंपनियों के सीईओ से सीधा संवाद किया। इस दौरान आरआरईसीएल के सीएमडी रोहित गुप्ता ने बैटरी स्टोरेज प्रोजेक्ट की जानकारी दी। कंपनियों की ओर से लॉ एंड ऑर्डर, प्रोजेक्ट लैंड और ट्रांसमिशन से जुड़ी समस्याएं रखी गईं, जिस पर स्टेट लेवल कमेटी बनाकर समाधान का भरोसा दिलाया गया। एक्सपो में 400 से ज्यादा बूथ और पवेलियन लगाए गए थे। यहां पीएम सूर्य घर, कुसुम योजना, रूफटॉप सोलर सब्सिडी समेत रिन्यूएबल एनर्जी से जुड़ी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। ‘ऑल इंडिया रिन्यूएबल ओलंपियाड’ और ‘भारत रिन्यूएबल टैलेंट फेस्ट’ के जरिए टेक्निकल यूनिवर्सिटी स्टूडेंट्स ने सोलर आधारित प्रोजेक्ट्स प्रस्तुत किए।
समापन कार्यक्रम में राजस्थान सोलर एसोसिएशन के चेयरमैन सुमन कुमार, प्रेसिडेंट सुनील बंसल, सीईओ नितिन अग्रवाल, कार्यकारी अध्यक्ष मनोज गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष रमाकांत जांगिड़, प्रतीक अग्रवाल, उपाध्यक्ष शैलेश गर्ग, अरुण कुमार महला, धनंजय कुमार सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *