आंगनवाड़ी भवनों का निर्माण वर्षा से पहले पूरा करें

आंगनवाड़ी भवनों का निर्माण वर्षा से पहले पूरा करें

शाजापुर. कलेक्टर ऋजुबाफना की अध्यक्षता में जिला मुख्यालय पर पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से संबंधित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में आंगनवाड़ी भवन, पंचायत भवन, महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा), प्रधानमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) तथा आईडब्ल्यूएमपी के अंतर्गत संचालित कार्यों की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजनाओं के कार्यों में गति लाकर निर्धारित समयसीमा में उन्हें पूर्ण कराया जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों का लाभ समय पर लोगों तक पहुंच सके।

आंगनवाड़ी भवनों और मनरेगा कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

बैठक के दौरान कलेक्टर बाफना ने आंगनवाड़ी भवनों की निर्माण राशि की किश्तें समय पर जारी करने और वर्षा ऋतु प्रारंभ होने से पहले सभी निर्माण कार्य पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्रों में बच्चों के लिए सुरक्षित और अनुकूल वातावरण तैयार किया जाए। इसके लिए खेलकूद की पर्याप्त व्यवस्था, स्लाइड, झूले और खुला स्थान सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है।

इसके साथ ही उन्होंने मनरेगा के अंतर्गत अपूर्ण कार्यों को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में जल संरक्षण के कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को जिले में भूजल स्तर में सुधार के लिए जल संरक्षण और भूजल संवर्धन से जुड़े कार्यों का चिन्हांकन कर विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश भी दिए।

जल संकट से निपटने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था के निर्देश

बैठक में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन यंत्री को निर्देशित किया गया कि आगामी ग्रीष्म ऋतु को देखते हुए नलजल योजनाओं को प्रभावित होने से बचाने के लिए पहले से तैयारी की जाए। इसके लिए ग्राम पंचायतवार जल स्रोतों की सूची तैयार कर वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा पानी की कमी वाली ग्राम पंचायतों की सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा प्रधानमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, जल जीवन मिशन, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) और आईडब्ल्यूएमपी के तहत संचालित कार्यों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान जल शक्ति मंत्रालय से नियुक्त नोडल अधिकारी जलसंचय जनभागीदारी 2.0 के प्रदीप राय ने जिले में भूजल दोहन की स्थिति की जानकारी देते हुए जल संरचनाओं के फोटो अपलोड करने की प्रक्रिया भी बताई। बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अनुपमा चौहान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *