CG News: विनोद जैन. गोबरा नवापारा। अभनपुर क्षेत्र में रेत माफियाओं का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक ओर ग्राम दुलना में रेत परिवहन के नाम पर चल रहे अवैध वसूली रैकेट का खुलासा हुआ, तो दूसरी ओर ग्राम पंचायत पारागांव में लगातार अवैध रेत खनन की शिकायतें सामने आ रही हैं। हैरानी की बात यह है कि प्रशासनिक सख्ती और FIR के आदेश के बावजूद अब तक जमीनी स्तर पर ठोस कार्रवाई नजर नहीं आ रही है।

CG News: FIR दर्ज करने के निर्देश, फिर भी कार्रवाई नहीं
जानकारी के अनुसार, ग्राम दुलना में 1 फरवरी 2026 को हुई जांच में यह स्पष्ट हुआ था कि रेत से भरे वाहनों से डायरी बनाकर अवैध वसूली की जा रही थी। इस मामले में ग्राम विकास समिति से जुड़े कई लोगों की संलिप्तता सामने आई थी। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) की जांच में पुष्टि के बाद तहसीलदार ने थाना प्रभारी गोबरा नवापारा को FIR दर्ज करने के निर्देश दिए, लेकिन अब तक किसी के खिलाफ मामला दर्ज नहीं हुआ है।

माफिया दबंगई के साथ कर रहे खनन
इधर, ग्राम पंचायत पारागांव ने कलेक्टर, एसडीएम सहित विभिन्न विभागों को लिखित शिकायत भेजकर अवैध रेत खनन पर रोक लगाने की मांग की है। पंचायत का आरोप है कि रोक के बावजूद माफिया दबंगई के साथ खनन जारी रखे हुए हैं और नदी से लगे वन विभाग की जमीन तक को नहीं छोड़ा जा रहा है। शिकायतें, जांच और आदेश सब मौजूद—फिर भी कार्रवाई शून्य… आखिर कब टूटेगा रेत माफियाओं का हौसला स्थानीय जनप्रतिनिधियों का कहना है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से माफियाओं के हौसले और बुलंद होते जा रहे हैं। अवैध खनन से जहां पर्यावरण को गंभीर नुकसान पहुंच रहा है, वहीं शासन को लाखों के राजस्व की क्षति भी हो रही है।

और भी हैं इससे संबंधित खबरें..
रास्ता बंद, फिर भी रेत पार! एनीकेट पर माफियाओं की ‘लाइन’- सिस्टम पूरी तरह फेल?
छत्तीसगढ़ के रायपुर के महानदी किनारे अवैध रेत खनन का खेल अब खुली चुनौती में बदल चुका है। दुलना एनीकेट, जो क्षेत्र की जल आपूर्ति का अहम आधार है, उसके ऊपर से माफिया धड़ल्ले से रेत पार करा रहे हैं… पढ़ें पूरी खबर


