एमएलसी के फर्जी लेटर पैड से PWD एक्सईएन की शिकायत:पत्र में काम को असंतोषजनक बताया, अलग-अलग विभागों में भेजा गया, हजरतगंज में मुकदमा दर्ज

अलीगढ़ के सदस्य विधान परिषद (एमएलसी) डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह उर्फ गुरुजी के फर्जी लेटर पैड का इस्तेमाल कर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के एक अधिशासी अभियंता की शिकायत किए जाने का मामला सामने आया है। जांच में फर्जीवाड़ा उजागर होने के बाद हजरतगंज कोतवाली में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। जानकारी के मुताबिक किसी अज्ञात व्यक्ति ने एमएलसी डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह के लेटर पैड का दुरुपयोग करते हुए बिजनौर में तैनात PWD के अधिशासी अभियंता शैलेंद्र सारस्वत के खिलाफ शिकायत पत्र भेजा। शैलेंद्र सारस्वत वर्तमान में लोक निर्माण विभाग, निर्माण खंड-दो, बिजनौर में तैनात हैं। पत्र में उनके कार्य को असंतोषजनक बताया गया था। हजरतगंज कोतवाली के दरोगा शशिकांत सिंह ने बताया कि शिकायत पत्र पर एमएलसी डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह के फर्जी हस्ताक्षर किए गए थे। यह पत्र आठ अप्रैल 2025 को विशेष सचिव गृह (पुलिस), अनुभाग-चार के माध्यम से पुलिस उपायुक्त (मध्य) कार्यालय भेजा गया था। मामले की जानकारी होने पर एमएलसी डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर स्पष्ट किया कि उन्हें इस शिकायत के बारे में कोई जानकारी नहीं है और न ही उन्होंने इस तरह का कोई पत्र लिखा है। इसके बाद विधान परिषद की ओर से लिखित शिकायत दी गई। जिसमें एमएलसी के कूटरचित लेटर पैड और फर्जी हस्ताक्षर के इस्तेमाल की बात कही गई। जांच में फर्जीवाड़ा सामने आने पर मंगलवार रात हजरतगंज कोतवाली में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फर्जी पत्र भेजने वाले की तलाश की जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *