जनसुनवाई में शिकायत, गरीब परिवार को धोखाधड़ी कर बेघर किया:संजय पाठक के रिश्तेदार समेत 6 पर आरोप, बाइक-मोबाइल छीने

जनसुनवाई में शिकायत, गरीब परिवार को धोखाधड़ी कर बेघर किया:संजय पाठक के रिश्तेदार समेत 6 पर आरोप, बाइक-मोबाइल छीने

कटनी में एक गरीब परिवार को धोखे से बेघर करने का आरोप लगा है। यह मामला पुलिस अधीक्षक कार्यालय की जनसुनवाई में पहुंचा, जहां बरगवां के बर्मन परिवार ने नगर निगम अध्यक्ष और विधायक संजय पाठक के रिश्तेदार मनीष पाठक समेत छह लोगों पर जमीन हड़पने और मारपीट के आरोप लगाए हैं। बरगवां निवासी चंदा बाई बर्मन और उनके परिवार ने शिकायत में बताया कि आरोपियों ने उनकी अशिक्षा का फायदा उठाया। पीड़ितों के मुताबिक, उनसे सिर्फ 240 वर्ग फुट जमीन का सौदा करने की बात हुई थी, लेकिन आरोपियों ने बैंक खातों का गलत इस्तेमाल कर और फर्जी दस्तावेज तैयार कर पूरी संपत्ति पर कब्जा करने की कोशिश की। आरोप है कि खाते में पैसे डालकर अगले ही दिन निकाल लिए गए और बिना भुगतान किए फर्जी इकरारनामा बना लिया गया। घर तोड़ा और सामान सड़क पर फेंका पीड़ित परिवार का कहना है कि आरोपियों ने जबरन उनके घर और दुकान पर कब्जा किया और उसे बुलडोजर से ढहा दिया। घर का सामान सड़क पर फेंक दिया गया, जिसके बाद से परिवार किराए के मकान में रहने को मजबूर है। पीड़ितों ने यह भी आरोप लगाया कि विरोध करने पर उनकी मोटरसाइकिल और मोबाइल छीन लिए गए और जान से मारने की धमकी दी गई। रसूख के कारण कार्रवाई न होने का दावा शिकायत में कहा गया है कि आरोपियों को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है, जिसके चलते जुलाई 2025 और जनवरी 2026 में की गई शिकायतों पर भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। परिवार का आरोप है कि पुलिस के बड़े अधिकारियों के निर्देश के बावजूद थाना स्तर पर उन्हें न्याय नहीं मिला। पुलिस का पक्ष इस मामले में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार डेहरिया का कहना है कि शिकायत मिली है और इसकी जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *