शाजापुर हाईवे द्वार निर्माण में घटिया सामग्री की शिकायत:कलेक्टर ने जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम भेजी, नमूने लिए गए

शाजापुर हाईवे द्वार निर्माण में घटिया सामग्री की शिकायत:कलेक्टर ने जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम भेजी, नमूने लिए गए

शाजापुर के शहरी हाईवे पर लालघाटी स्थित ढाई करोड़ रुपए की लागत से बन रहे द्वार के निर्माण में घटिया सामग्री के उपयोग की शिकायत सामने आई है। क्षेत्रीय सांसद महेंद्र सिंह सोलंकी के समर्थक और भाजपा नेता सोनू सोलंकी ने इस संबंध में कलेक्टर से शिकायत की थी। शिकायत के बाद कलेक्टर ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तीन सदस्यीय जांच टीम गठित की। इस टीम में लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री हर्षवर्धन, डिप्टी कलेक्टर नेहा गंगारे और आरईएस के कार्यपालन यंत्री को शामिल किया गया। टीम ने बुधवार को निर्माण स्थल का दौरा कर द्वार के पिलरों से जांच के लिए नमूने एकत्र किए। भाजपा नेता सोनू सोलंकी ने आरोप लगाया था कि द्वार के निर्माण में अनुमानित लागत के अनुसार काम नहीं किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि 20 एमएम के सरिए का उपयोग होना था, लेकिन 16 एमएम के सरिए लगाए गए हैं। सोलंकी ने नगरपालिका इंजीनियर के समक्ष भी सरिए दिखाए थे। इसके अतिरिक्त, रेत में मिट्टी मिली होने जैसी घटिया निर्माण सामग्री के उपयोग का भी आरोप है। प्रशासन ने इस शिकायत को गंभीरता से लिया है। गौरतलब है कि विगत दिनों एक चिट्ठी भी पूरे शहर में चर्चा का विषय बनी हुई थी, जिसमें इस द्वार के निर्माण का भी उल्लेख था। लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन यंत्री हर्षवर्धन सिंह ने बताया कि कलेक्टर के निर्देश पर टीम ने जांच की है। उन्होंने कहा कि अभी तक जांच में ऐसा कुछ नहीं पाया गया है, लेकिन नमूने प्रयोगशाला में परीक्षण के लिए भेजे जाएंगे। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही निर्माण की गुणवत्ता स्पष्ट हो पाएगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *