मऊगंज थाना क्षेत्र के पतियारी गांव में ऑटो चालक से हुई मारपीट के मामले पुलिस कार्रवाई से नाराज पीड़ित पक्ष शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचा। यहां उन्होंने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। यह घटना दो दिन पहले पतियारी गांव के समीप हुई थी। ऑटो चालक राजेश साहू, जो एक किराना दुकान भी चलाते हैं, सवारी और सामान लेकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उनके साथ मारपीट की, उनका मोबाइल और पर्स छीन लिया, साथ ही ऑटो में तोड़फोड़ भी की। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि घटना की शिकायत लेकर थाने पहुंचने पर पुलिसकर्मियों ने फरियादी के साथ अभद्रता की और झूमा-झटकी भी की। इस घटना का एक वीडियो सामने आया है। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने दबाव में आकर मनमाने ढंग से रिपोर्ट दर्ज की और वास्तविक आरोपियों के खिलाफ कड़ी धाराएं नहीं लगाईं। पीड़ित परिवार और ग्रामीणों ने एसपी को दिए आवेदन में मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय कार्रवाई करने और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।


