अवध गर्ल्स डिग्री कॉलेज में सेना दिवस के अवसर पर देशभक्ति से ओत-प्रोत माहौल रहा। कॉलेज परिसर में पोस्टर और कविता पाठ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य छात्राओं में राष्ट्रप्रेम, देशभक्ति और भारतीय सेना के प्रति सम्मान की भावना को बढ़ावा देना था। यह कार्यक्रम कॉलेज की प्राचार्या प्रो. बीना राय के मार्गदर्शन और एनसीसी अधिकारी लेफ्टिनेंट डॉ. सरिता सिंह के नेतृत्व में संपन्न हुआ। एनसीसी कैडेट्स ने दोनों प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया। उनके पोस्टरों और कविताओं में भारतीय जवानों के शौर्य, बलिदान और देश के प्रति समर्पण की भावना स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुई। इन छात्राओं ने शीर्ष स्थान हासिल किया पोस्टर प्रतियोगिता का मूल्यांकन भूगोल विभागाध्यक्ष प्रो. उपमा चतुर्वेदी और पीआई हवलदार त्सेरिंग नोरबू ने किया। इसमें कैडेट रितिका ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि सीपीएल ईशा मिश्रा द्वितीय और एलसीपीएल गुरसिमरन तृतीय स्थान पर रहीं। कविता पाठ प्रतियोगिता का मूल्यांकन पीआई हवलदार त्सेरिंग नोरबू और हवलदार ताशी त्सेवान्ग ने किया। इस प्रतियोगिता में सीपीएल ज्योति त्रिपाठी ने पहला स्थान हासिल किया। एलसीपीएल गुरसिमरन को दूसरा स्थान मिला, जबकि कैडेट रचना मिश्रा और कैडेट प्रज्ञा पांडेय ने संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया। देशसेवा की भावना को जीवन में अपनाने का संदेश कार्यक्रम के समापन पर, प्राचार्या प्रो. बीना राय ने सभी प्रतिभागी कैडेट्स की सराहना की। उन्होंने छात्राओं को देशसेवा की भावना को जीवन में बनाए रखने का संदेश दिया। एसयूओ खुशी कुमारी और यूओ जाग्रति ने कार्यक्रम का सफल संचालन किया। यह आयोजन राष्ट्रभक्ति और अनुशासन की भावना के साथ संपन्न हुआ।


