बदायूं का दातागंज रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग इन दिनों राजनीतिक चर्चा का केंद्र बन गया है। यहां ओवरब्रिज निर्माण की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी (सपा) और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के बड़े नेता सक्रिय हो गए हैं। सपा सांसद आदित्य यादव ने इस मुद्दे को संसद में उठाया है, वहीं केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने रेल मंत्री से मिलकर लिखित पैरवी की है। यह रेलवे क्रॉसिंग जिला मुख्यालय को दातागंज तहसील से जोड़ता है और बरेली-कासगंज रेलमार्ग का हिस्सा है। रेलवे ने पहले यहां अंडरपास बनाने की योजना बनाई थी, लेकिन स्थानीय किसानों ने इसका विरोध किया। किसानों का तर्क था कि अंडरपास से भारी वाहन नहीं गुजर पाएंगे, जिससे गन्ना जैसी फसलों को बदायूं मंडी तक ले जाने में परेशानी होगी। किसानों के इस विरोध के बाद सपा और भाजपा दोनों ही दल इस मुद्दे को भुनाने में जुट गए हैं। दोनों पार्टियां अंडरपास की जगह ओवरब्रिज बनवाने की पैरवी कर इसका श्रेय लेने की कोशिश कर रही हैं। हाल ही में, केंद्रीय राज्यमंत्री बीएल वर्मा ने दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बदायूं से दिल्ली-लखनऊ के लिए सीधी ट्रेन चलाने की मांग के साथ-साथ दातागंज रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरपास के बजाय ओवरब्रिज के निर्माण की भी पैरवी की। वहीं, सपा सांसद आदित्य यादव ने इस मामले को संसद में उठाया। उन्होंने इसे किसानों के हित से जुड़ा मुद्दा बताते हुए केंद्र सरकार से इस पर गंभीरता से विचार करने की मांग की है।


