घरेलू गैस का व्यावसायिक इस्तेमाल पकड़ाया, खाद्य विभाग की कार्रवाई में कई होटल-ढाबों से सिलेंडर जब्त

घरेलू गैस का व्यावसायिक इस्तेमाल पकड़ाया, खाद्य विभाग की कार्रवाई में कई होटल-ढाबों से सिलेंडर जब्त

-जांच में सामने आई लापरवाही

बैतूल। कमर्शियल गैस सिलेंडरों की सप्लाई बंद होने का फायदा उठाकर शहर में घरेलू रसोई गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक उपयोग किए जाने का मामला सामने आया है। कलेक्टर बैतूल और जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी के निर्देशन में गठित संयुक्त जांच दल ने गुरुवार को शहर के कई होटल, ढाबों और रेस्टोरेंट में छापामार कार्रवाई कर घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध उपयोग करते पकड़ा है। कार्रवाई के दौरान कुल 07 घरेलू सिलेंडर जब्त किए गए हैं। मामले में नोटिस भेजकर जुर्माने की कार्रवाई भी व्यवसायिक प्रतिष्ठानों पर की जाएगी।
खाद्य विभाग के संयुक्त जांच दल में कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी ममता सिरसाम, धर्मदास दीवान और आशीष कुमारे शामिल थे। टीम ने बैतूल गंज और चौपाटी क्षेत्र के प्रतिष्ठानों की जांच की, जहां नियमों का खुला उल्लंघन करते हुए घरेलू गैस सिलेंडरों का व्यावसायिक गतिविधियों में उपयोग किया जा रहा था। जांच के दौरान सूरज स्वीट, एबी रेस्टोरेंट, दक्ष मसाला डोसा, मोहन चाइनीज सेंटर, टाप चाट सेंटर, ठाकरे भोजनालय और मामा शालीमार रेस्टोरेंट से कुल 7 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए गए। विभाग ने संबंधित संचालकों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी शुरू कर दी है।

गैस सिलेंडर महंगाई और ट्रेंचिंग ग्राउंड घोटाले की जांच को लेकर कांग्रेस का धरना आज

गैस सिलेंडरों की बढ़ती कीमतों, सिलेंडरों की किल्लत और ट्रेंचिंग ग्राउंड घोटाले की निष्पक्ष जांच सहित अन्य जनसमस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी बैतूल द्वारा आज 13 मार्च को धरना प्रदर्शन किया जाएगा। यह धरना जिला उद्योग केंद्र के सामने सुबह 11 बजे आयोजित किया जाएगा, जिसके बाद कलेक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन सौंपा जाएगा। धरना प्रदर्शन का नेतृत्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष निलय विनोद डागा, प्रदेश सचिव समीर खान और नगर पालिका के नेता प्रतिपक्ष राजकुमार दीवान करेंगे। कार्यक्रम को लेकर संगठन महासचिव जिला कांग्रेस कमेटी बैतूल ब्रजभूषण पांडे, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के शहर अध्यक्ष मनोज कालू आहूजा, ग्रामीण अध्यक्ष राजकुमार चौबे, युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष संजय सरदार यादव, विधानसभा अध्यक्ष प्रीतेश गंगारे ने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से सुबह 11 बजे धरना स्थल पर पहुंचने की अपील की है, ताकि जनसमस्याओं को लेकर प्रशासन के सामने प्रभावी तरीके से आवाज उठाई जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *