‘मेरी बेइज्जती हुई’, विवादित वीडियो पर भड़के कॉमेडियन सुनील पाल, बोले- सब लोग रिकॉर्ड कर रहे थे

‘मेरी बेइज्जती हुई’, विवादित वीडियो पर भड़के कॉमेडियन सुनील पाल, बोले- सब लोग रिकॉर्ड कर रहे थे

Comedian Sunil Pal Viral Video: कॉमेडी की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाने वाले मशहूर स्टैंड-अप कॉमेडियन सुनील पाल इन दिनों एक वायरल वीडियो को लेकर चर्चा में हैं। हाल ही में मुंबई में आयोजित एक शायरी कार्यक्रम के दौरान उनके साथ घटी एक घटना ने सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है। मंच पर बुलाए जाने के बावजूद उन्हें बोलने का अवसर न मिलने से उन्होंने खुद को अपमानित महसूस करने की बात कही है।

सुनील पाल ने तोड़ी चुप्पी (Comedian Sunil Pal Viral Video)

बताया जा रहा है कि कार्यक्रम में कई नामी शायर मौजूद थे और माहौल साहित्यिक रंग में रंगा हुआ था। इसी दौरान आयोजकों ने सुनील पाल को मंच पर बुलाकर उनका स्वागत किया और उन्हें गुलदस्ता भी भेंट किया। लेकिन जैसे ही वह दर्शकों को संबोधित करने के लिए आगे बढ़े, उनसे माइक्रोफोन वापस ले लिया गया और उन्हें अपनी सीट पर लौटने के लिए कहा गया। यह पूरा घटनाक्रम वहां मौजूद लोगों ने मोबाइल कैमरों में रिकॉर्ड कर लिया, जिसके बाद वीडियो तेजी से वायरल हो गया।

सुनील पाल बोले- बहुत खराब लगा

इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए सुनील पाल ने कहा कि जब उन्हें मंच पर बुलाया गया तो उन्हें लगा कि ये सम्मान का क्षण है। वहां मौजूद लोग भी यही समझ रहे थे कि उनका सम्मान किया जा रहा है। लेकिन अचानक बोलने से रोक दिया जाना उन्हें बेहद असहज लगा। उन्होंने बताया कि उस समय कई लोग उनका वीडियो बना रहे थे, जिससे उन्हें स्थिति और भी असुविधाजनक लगी। उन्होंने माना कि उन्हें उस वक्त काफी बेइजज्ती महसूस हुई।

कॉमेडियन के मुताबिक, वो कार्यक्रम में अपने एक करीबी मित्र के निमंत्रण पर पहुंचे थे और वहां मौजूद शायरों के प्रति सम्मान व्यक्त करना चाहते थे। उनका कहना है कि वो केवल धन्यवाद के कुछ शब्द कहना चाहते थे, लेकिन उन्हें यह अवसर नहीं दिया गया। बाद में उन्होंने अपने मित्र से भी इस बारे में बात की, मगर उन्हें स्पष्ट कारण नहीं बताया गया।

सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाएं (Comedian Sunil Pal Viral Video)

घटना सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स ने अलग-अलग प्रतिक्रियाएं दी हैं। कुछ लोगों ने आयोजकों के व्यवहार पर सवाल उठाए, जबकि कुछ ने इसे कार्यक्रम की तकनीकी व्यवस्था से जुड़ी गलतफहमी बताया। हालांकि इस पूरे मामले पर आयोजकों की ओर से कोई विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

सुनील पाल जाने-माने कॉमेडियन

सुनील पाल का नाम उन कलाकारों में शामिल रहा है जिन्होंने टीवी कॉमेडी को लोकप्रिय बनाने में अहम योगदान दिया। साल 2005 में उन्होंने कॉमेडी रियलिटी शो ‘द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज’ जीतकर देशभर में पहचान बनाई थी। उनकी मिमिक्री और सामाजिक मुद्दों पर आधारित कॉमिक अंदाज ने उन्हें दर्शकों के बीच खास पहचान दिलाई।

बीते कुछ वर्षों में भले ही मुख्यधारा के कॉमेडी मंचों पर उनकी सक्रियता कम दिखाई दी हो, लेकिन वो सोशल मीडिया के जरिए लगातार अपने विचार साझा करते रहे हैं। यही कारण है कि उनके साथ हुई इस घटना ने एक बार फिर उन्हें सुर्खियों में ला दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *